अन्तर्राष्ट्रीय

पनामा में भीषण भूकंप से मची तबाही! पहले 7.7, फिर 6.6 तीव्रता के झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

पनामा सिटी: मध्य अमेरिकी देश पनामा में शुक्रवार को लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने लोगों में दहशत फैला दी। पहले 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद 6.6 तीव्रता के एक और झटके ने लोगों को हिलाकर रख दिया। भूकंप के कारण कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। लगातार झटकों के बीच लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।

हेरेरा प्रांत में था भूकंप का केंद्र

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, पहला भूकंप शुक्रवार सुबह आया। इसका केंद्र पनामा के हेरेरा प्रांत में पितालोसा अरिबा नाम की दूरदराज की बस्ती से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किए गए।

रसोई का सामान गिरा, घरों से बाहर निकले लोग

भूकंप का असर राजधानी पनामा सिटी तक महसूस किया गया। झटके लगते ही लोग अपने घरों और इमारतों से निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। कई लोग सुरक्षित जगहों पर खड़े होकर हालात की जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे।

हेरेरा प्रांत के 60 वर्षीय रोसेंदो डोमिंगेज ने बताया कि भूकंप के झटके काफी तेज थे। उनके घर की रसोई में रखा सामान नीचे गिर गया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार सुरक्षित है, लेकिन इलाके में लोग डरे हुए हैं। आसपास रहने वाले लोग भी भूकंप के बाद घरों से बाहर निकल आए थे।

पहले भूकंप के बाद 45 से ज्यादा झटके दर्ज

शक्तिशाली भूकंप के बाद पनामा में लगातार छोटे-बड़े झटके महसूस किए गए। इनमें 5.8, 5.5 और 5.2 तीव्रता के झटके भी शामिल थे। पनामा विश्वविद्यालय के भूकंप वैज्ञानिकों ने 45 से अधिक ऐसे झटके दर्ज किए। इनमें कई इतने कमजोर थे कि लोगों को उनका एहसास तक नहीं हुआ।

पहले 8 बताई गई तीव्रता, फिर किया गया संशोधन

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने शुरुआती आकलन में पहले भूकंप की तीव्रता 8 बताई थी। बाद में इसे संशोधित कर 7.6 और फिर 7.7 किया गया। भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए।

लगातार झटकों और इमारतों को नुकसान पहुंचने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों से शांत रहने, सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button