
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ब्रह्मपुत्र मेल से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सुमन के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि करीब तीन महीने पहले एक दलाल ने 10 हजार रुपये लेकर उसे अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कराया था। उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भी उससे पूछताछ की।
चेन पुलिंग के बाद जांच में पकड़ में आया आरोपी
घटना गुरुवार रात की है, जब साहिबगंज और करमटोला के बीच रात 8:51 बजे चेन पुलिंग के कारण ब्रह्मपुत्र मेल रुक गई। इसके बाद आरपीएफ के एस्कॉर्ट दल ने जांच शुरू की। इस दौरान ट्रेन के जनरल कोच में एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में सोता हुआ मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहम्मद सुमन बताया और बांग्लादेश के सिलेट जिले के रानीगंज का निवासी होने की बात स्वीकार की। उसके पास गुवाहाटी तक का टिकट भी मिला।
दलाल को 10 हजार रुपये देकर भारत आने का दावा
पूछताछ के दौरान सुमन ने बताया कि जुलाई के आसपास एक दलाल ने 10 हजार रुपये लेकर उसे मजदूरी करने के लिए भारत में प्रवेश कराया था। भारत आने के बाद वह गुवाहाटी और दिल्ली होते हुए श्रीनगर पहुंचा था। वहां वह सफर अली नाम के एक कबाड़ कारोबारी के यहां कबाड़ बीनने का काम करने लगा।
कारोबारी के भागने के बाद बांग्लादेश लौटने की बनाई योजना
आरोपी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कबाड़ कारोबारी के भाग जाने के बाद उसने बांग्लादेश वापस लौटने की योजना बनाई। इसके लिए वह श्रीनगर से दिल्ली पहुंचा और वहां से गुवाहाटी जाने के लिए ब्रह्मपुत्र मेल में सवार हुआ। हालांकि, सफर के दौरान साहिबगंज में आरपीएफ की जांच के दौरान वह पकड़ा गया।
रेल थाने में मामला दर्ज, खुफिया विभाग ने भी की पूछताछ
आरपीएफ पोस्ट कमांडर की शिकायत पर शुक्रवार रात साहिबगंज रेल थाने में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भी आरोपी से पूछताछ की। उसके पास से बरामद तीन मोबाइल फोन को भी जांच के तहत लिया गया है।



