हल्द्वानी: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में खाताधारकों की 20,278.91 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ऐसी है, जिस पर किसी ने दावा नहीं किया है। सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी में यह खुलासा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले चार वित्तीय वर्षों में यह रकम जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष (DEA Fund) में स्थानांतरित की गई। अकेले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2,647.19 करोड़ रुपये इस कोष में जमा हुए।
हल्द्वानी के सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत सिंह गौनिया ने एसबीआई से आरटीआई के तहत यह जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में बैंक ने देशभर में अपनी शाखाओं से जुड़ा ब्योरा उपलब्ध कराया। आंकड़ों से पता चलता है कि हजारों बैंक खातों में वर्षों से निष्क्रिय पड़ी जमा राशि अब दावारहित जमा की श्रेणी में पहुंच चुकी है।
चार वित्तीय वर्षों में 20,278 करोड़ रुपये डीईए फंड में जमा
आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार, एसबीआई ने वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच कुल 20,278.91 करोड़ रुपये दावारहित जमा के रूप में डीईए फंड में स्थानांतरित किए।
वर्षवार आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022-23 में सबसे अधिक 6,970.27 करोड़ रुपये इस कोष में जमा हुए। इसके बाद हर साल जमा होने वाली रकम में गिरावट दर्ज की गई। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 6,038.86 करोड़ रुपये और 2024-25 में 4,622.59 करोड़ रुपये जमा किए गए। वहीं, 2025-26 में यह आंकड़ा 2,647.19 करोड़ रुपये रहा।
क्या है डीईए फंड और इसमें कैसे पहुंचता है पैसा?
डीईए यानी जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष का संचालन भारतीय रिजर्व बैंक करता है। बैंक खातों में लगातार 10 साल या उससे अधिक समय तक कोई लेनदेन नहीं होने और निर्धारित शर्तें पूरी होने पर पात्र खातों की बिना दावे वाली रकम इस कोष में स्थानांतरित कर दी जाती है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि खाताधारक का पैसा खत्म हो गया। यह राशि खाताधारक की ही रहती है। संबंधित व्यक्ति या उसके कानूनी उत्तराधिकारी जरूरी दस्तावेजों के साथ बैंक में दावा कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर रकम वापस प्राप्त कर सकते हैं।
दावे के बाद चार साल में 5,216 करोड़ रुपये लौटाए गए
आरटीआई के आंकड़ों में यह जानकारी भी सामने आई है कि दावों के आधार पर पिछले चार वित्तीय वर्षों में डीईए फंड से 5,216.15 करोड़ रुपये वापस किए गए। यह भुगतान बैंकों की ओर से प्रस्तुत दावों के आधार पर ब्याज सहित किया गया।
वर्षवार आंकड़ों के अनुसार, 2022-23 में 2,534.39 करोड़ रुपये, 2023-24 में 592.32 करोड़ रुपये, 2024-25 में 391.76 करोड़ रुपये और 2025-26 में 1,697.68 करोड़ रुपये वापस किए गए।
बैंक अधिकारी ने बताया कैसे वापस मिल सकती है रकम
नैनीताल में बैंक अधिकारी अमित वाजपेयी के मुताबिक, लंबे समय तक खातों में लेनदेन नहीं होने पर नियमानुसार पात्र खातों की जमा राशि डीईए फंड में भेज दी जाती है। हालांकि, खाताधारक या उनके कानूनी उत्तराधिकारी संबंधित बैंक में आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपनी रकम पर दावा कर सकते हैं।
इसलिए जिन लोगों के पुराने बैंक खाते निष्क्रिय हैं या जिनके परिवार के किसी सदस्य का बैंक में जमा पैसा वर्षों से दावा नहीं किया गया है, वे संबंधित बैंक से खाते की स्थिति और दावे की प्रक्रिया की जानकारी ले सकते हैं।




