गाजियाबाद मतदेय स्थलोंं पर में 17 एवं 24 अक्टूबर को विशेष कैम्प आयोजित
छूटे हुए एवं प्रथम बार/युवा मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने के लिए चलेगा विशेष अभियान
Ghaziabad News: गाजियाबाद में 17 एवं 24 अक्टूबर को मतदेय स्थलोंं पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। ये जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने दी है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत पंजीकरण से छूटे हुए तथा पहली बार/युवा मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करने हेतु जनपद में 17 अक्टूबर एवं 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ होंगे तैनात
विशेष कैम्प के दौरान जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को फार्म-6 भरने में सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अपील की कि निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने के पात्र नागरिक कैम्प में अपनी फोटो, जन्मतिथि एवं निवास संबंधी अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों के साथ पहुंचें।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा
परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईआईपीसी) की संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाएं। विशेष कैम्प के संबंध में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा कैम्पों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और अभियान की प्रगति की निगरानी की जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों विशेष कैम्प निर्धारित समय पर आयोजित कराते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।



