देवप्रयाग: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग के पास पाली पुलिया क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कार में सवार सभी लोग चंडीगढ़ से चमोली जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
पाली गांव के पास नदी किनारे गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, मारुति सुजुकी वैगनआर कार (HR-68 C 1242) ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। यह जगह देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर स्थित है। कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में होते हुए नदी किनारे जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीन घायलों को निकाला
एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह और श्रीनगर टीम से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था।
इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल लोगों की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के लाडोली निवासी उत्तम सिंह (33), बीना निवासी टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45) के रूप में हुई है।
दुर्गम रास्ते के कारण शवों को निकालने में आई मुश्किल
हादसे में किमखाल, चमोली निवासी सत्येश्वरी देवी (72) और कार चालक अनिल की मौत हो गई। दोनों मृतकों के शव खाई से निकालने के दौरान एसडीआरएफ की टीम को दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
नदी तक पहुंचने के रास्ते को देखते हुए शवों को राफ्ट के जरिए नदी पार कर देवप्रयाग लाया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।




