पंजाबराज्य

परविंदर झोटा हत्याकांड पर अमित शाह का बड़ा बयान, पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा गृह मंत्रालय; कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

पंजाब डेस्क: पंजाब के मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान सामने आया है। अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय पंजाब सरकार से परविंदर सिंह झोटा की हत्या और दिड़बा में एक व्यक्ति की आत्महत्या के मामले में जवाब मांगेगा। उन्होंने राज्य में ड्रग्स, गैंगस्टर और संगठित अपराध के बढ़ते खतरे को लेकर भी पंजाब सरकार पर सवाल उठाए।

ड्रग्स और संगठित अपराध को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर पंजाब की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब आज ड्रग्स, गैंगस्टर और संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।

गृह मंत्री ने दिड़बा में कथित दबाव के चलते एक पिता द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गृह मंत्रालय दोनों घटनाओं को लेकर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा।

BJP ने पंजाब को ड्रग्स और गैंगस्टर मुक्त बनाने का किया वादा

अमित शाह ने अपनी पोस्ट में पंजाब के लोगों से वादा दोहराते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब को ड्रग्स मुक्त, गैंगस्टर मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ड्रग तस्करी पर रोक लगाना, युवाओं के भविष्य की रक्षा करना, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और कानून का ऐसा शासन स्थापित करना है, जिसमें किसी भी नागरिक को डर के माहौल में जीने के लिए मजबूर न होना पड़े।

Related Articles

Back to top button