दिल्ली में युवाओं को बेकरी से मेकअप आर्टिस्ट तक की ट्रेनिंग, खादी बोर्ड ने जारी किया 1.15 करोड़ का टेंडर

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार कारीगरों और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठा रही है। दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने दिल्ली खादी कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन के लिए 1.15 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। इसके तहत बेकरी, हेयर स्टाइलिंग और मेकअप आर्टिस्ट जैसे तीन क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना के लिए प्रशिक्षण एजेंसियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एजेंसियां 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन बोली जमा कर सकती हैं।
इन तीन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजना के तहत बेकरी, हेयर स्टाइलिंग और मेकअप आर्टिस्ट के क्षेत्र में कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए ऐसी एजेंसियों का चयन किया जाएगा, जो संबंधित क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने के लिए जरूरी योग्यता और मान्यता रखती हों।
इस पहल का उद्देश्य कारीगरों को व्यावहारिक कौशल से लैस करना और उनके लिए रोजगार तथा स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ाना है।
किन संस्थाओं को आवेदन का मौका?
टेंडर प्रक्रिया में विभिन्न पात्र संस्थाएं हिस्सा ले सकती हैं। इनमें सोसायटी, गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ), ट्रस्ट, साझेदारी फर्म, निजी और सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियां, सरकारी संस्थान, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां, विश्वविद्यालय और मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं।
आवेदन करने वाली संस्थाओं के पास संबंधित क्षेत्र में प्रशिक्षण देने के लिए आवश्यक संबद्धता या मान्यता होना जरूरी है। निविदा से जुड़े दस्तावेज दिल्ली सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल और दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
चयनित एजेंसियों के साथ होगा समझौता
बोर्ड के अनुसार, चयनित प्रशिक्षण एजेंसियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद प्रशिक्षण के लक्ष्य आवंटित करने और भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित दस्तावेजों के अनुसार पूरी की जाएगी।



