स्पोर्ट्स

उत्तर प्रदेश में टेनिकॉइट को बढ़ावा देने पर बनी सहमति

टेनिकॉइट फेडरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने यूपी के पदाधिकारियों से की मुलाकात

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में टेनिकॉइट खेल को व्यापक पहचान दिलाने और इसकी गतिविधियों को जिला स्तर तक विस्तार देने की दिशा में पहल तेज करने की तैयारी है। इसी क्रम में टेनिकॉइट फेडरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश टेनिकॉइट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर खेल के विकास की संभावनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन सभागार में हुई बैठक में फेडरेशन के पदाधिकारियों का स्वागत उत्तर प्रदेश टेनिकॉइट एसोसिएशन के चेयरमैन डा. सैयद रफत जुबैर रिजवी ने किया। इस बैठक में टेनिकॉइट फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एमआर दिनेश कुमार, उपाध्यक्ष एसपी गौड़ और सह-सचिव विजेंदर शामिल हुए। वहीं उत्तर प्रदेश टेनिकॉइट एसोसिएशन की ओर से सचिव सिकंदर विलियम, कोषाध्यक्ष मोहम्मद नदीम और सह-सचिव परवेज आलम खान मौजूद रहे।

इस दौरान बैठक में अधिक से अधिक युवाओं एवं नए खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ने, जिलों में खेल गतिविधियों को मजबूत करने और प्रदेशभर में इसके प्रचार-प्रसार को गति देने पर सहमति बनी। चेयरमैन डा. सैयद रफत जुबैर रिजवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में टेनिकॉइट के विकास और विस्तार के लिए एसोसिएशन पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ काम करने को प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास होगा कि खेल को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाया जाए और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इससे जुड़ने का अवसर मिले। इसी के साथ बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में टेनिकॉइट की गतिविधियां शुरू करने और मौजूदा गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं सभी पदाधिकारियोंने प्रदेश में टेनिकॉइट को मजबूत आधार देने और इसकी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए मिलकर निरंतर काम करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button