राजनीतिराष्ट्रीय

SIR पर बहस की चुनौती से अमित शाह का राहुल गांधी को जवाब, बोले- संसद आइए, विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं

करनाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। हरियाणा के करनाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती का जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में SIR पर चर्चा करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। सरकार इस मुद्दे पर बहस के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।

अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी को चर्चा की चुनौती दे रहे हैं, लेकिन बहस करने की इच्छा है तो उन्हें संसद में आना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति में संसद की कार्यवाही बाधित करना और अराजकता फैलाना शामिल हो गया है।

SIR पर कांग्रेस के आरोपों को अमित शाह ने बताया बेबुनियाद

गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान SIR नहीं हुआ था, इसके बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा और महाराष्ट्र में भी SIR नहीं हुआ था, फिर भी कांग्रेस चुनाव नहीं जीत सकी। अब पार्टी दावा कर रही है कि एक करोड़ वोट हटा दिए गए हैं।

अमित शाह ने राहुल गांधी को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें इस मुद्दे पर चर्चा करनी है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखें। सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाकर SIR पर चर्चा कराने के लिए तैयार है।

राहुल गांधी के राजनीतिक सफर का जिक्र कर कांग्रेस पर साधा निशाना

अमित शाह ने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर और कांग्रेस के विधायकों की संख्या का जिक्र करते हुए भी उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में राहुल गांधी कांग्रेस के महासचिव बने, तब पार्टी के पास 1200 विधायक थे। जब वह उपाध्यक्ष बने तो यह संख्या घटकर 900 रह गई। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद विधायकों की संख्या 700 तक पहुंच गई।

शाह ने आगे कहा कि वर्ष 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस के विधायकों की संख्या और घटकर 600 रह गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के राजनीति में आने के बाद कांग्रेस के विधायकों की संख्या लगातार कम होती गई, जबकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सांसदों और विधायकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई।

कबड्डी का उदाहरण देकर राहुल गांधी पर कसा तंज

अमित शाह ने अपने संबोधन में कबड्डी के खेल का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि जब वह स्कूल में पढ़ते थे, तब सातवीं कक्षा की उनकी टीम लगातार कबड्डी में चैंपियन बनती थी। नौवीं कक्षा की टीम बार-बार हारने के बाद एक बैठक करने लगी। उसे लगा कि छोटी कक्षा की टीम लगातार जीत रही है, जिससे उसका अहंकार आहत हो रहा है।

शाह के मुताबिक, नौवीं कक्षा की टीम ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए रेफरी को ही धोखेबाज घोषित करने की रणनीति बनाई। इसी उदाहरण के जरिए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि रेफरी को ही चीटर बता देने से अपनी जीत पक्की मान लेना गलत मानसिकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद राहुल गांधी ने भी उन छात्रों की रणनीति सुन ली होगी।

Related Articles

Back to top button