देहरादून ( दस्तक डेस्क) : सीमांत पिथौरागढ़ जिले की दारमा घाटी में दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल गोल्डक्रेस्ट दिखाई दिया है। यह पक्षी नागलिंग क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर नजर आने पर पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों में उत्साह की लहर है। इस नन्हें पक्षी मौजूदगी को क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता एवं अनुकूल प्राकृतिक आवास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दरअसल, विंग्स फाउंडेशन के निदेशक एवं पक्षी प्रेमी जगदीश भट्ट ने पिथौरागढ़ के दारमा घाटी के नागलिंग क्षेत्र में इस दुर्लभ पक्षी को देखा और अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने बताया कि गोल्डक्रेस्ट दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल है। इसकी लंबाई लगभग 8 से 10 सेंटीमीटर और वजन महज 4.5 से 7 ग्राम तक होता है। इतने छोटे आकार के बावजूद यह पक्षी बेहद सक्रिय रहता है।
गोल्डक्रेस्ट के सिर पर मौजूद सुनहरे रंग की खूबसूरत मुकुट जैसी कलगी इसकी खास पहचान है। इसी विशेषता के कारण इसे गोल्डक्रेस्ट (Goldcrest) नाम दिया गया है। यूरोप में इसे गोल्डक्रेस्ट के नाम से जाना जाता है। यह मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में पाया जाता है जो छोटे कीटों एवं मकड़ियों को अपना भोजन बनाता है।
दारमा घाटी में मौजूद शंकुधारी और जुनिपर के जंगल इस पक्षी के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के दुर्लभ पक्षियों की मौजूदगी उच्च हिमालयी क्षेत्रों की जैव विविधता को समझने का महत्वपूर्ण अवसर देती है। इनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण और नियमित वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण जरूरी है।




