झारखण्डराज्य

झारखंड की 51 लाख महिलाओं को मिलेगा मुफ्त दुर्घटना बीमा? हेमंत सोरेन सरकार को भेजा गया बड़ा प्रस्ताव

रांची: झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी 51 लाख से अधिक महिलाओं को जल्द दुर्घटना बीमा सुरक्षा देने की तैयारी है। इस संबंध में झारखंड ग्रामीण बैंक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव के मुताबिक, यदि योजना की सभी लाभुक महिलाओं को बैंक से जोड़ा जाता है तो उन्हें बैंक अपने खर्च पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ देगा। इतना ही नहीं, एक साल बाद इन महिलाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से भी जोड़ने पर विचार किया जाएगा।

झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रस्ताव में कहा है कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ उनकी सामाजिक और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। बैंक का मानना है कि महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने से उन्हें बीमा सुरक्षा, संस्थागत ऋण और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। इससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

एक साल बाद जीवन ज्योति बीमा का भी मिल सकता है लाभ

बैंक की योजना के तहत शुरुआत में सभी पात्र लाभुक महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के दायरे में लाने का प्रस्ताव है। इसका पूरा खर्च झारखंड ग्रामीण बैंक उठाने की पेशकश कर रहा है। इसके बाद एक वर्ष पूरा होने पर बैंक अपने खर्च पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ देने की संभावनाओं पर भी विचार करेगा।

प्रस्ताव में महिला सशक्तीकरण को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित रखने के बजाय इसे व्यापक सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की बात कही गई है। बैंक के अनुसार, महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, ऋण और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

30 हजार महिलाओं को अब तक 251 करोड़ रुपये का ऋण

झारखंड ग्रामीण बैंक पहले से ही मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहा है। बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार के मुताबिक, अब तक करीब 30 हजार महिलाओं को लगभग 251 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है।

इस आर्थिक सहायता के जरिए महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ा रही हैं। बैंक का प्रयास है कि योजना से जुड़ी महिलाओं को केवल सरकारी आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि ऋण, बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं भी मिलें।

सरकार और ग्रामीण बैंक के बीच होगा समझौता

झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रस्ताव को मंजूरी देने का आग्रह किया है। उन्होंने अनुरोध किया है कि मंईयां सम्मान योजना की पात्र महिलाओं को बैंक से जोड़ने के लिए राज्य सरकार और झारखंड ग्रामीण बैंक के बीच औपचारिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाए।

इसके लिए संबंधित विभाग को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश देने की भी मांग की गई है। बैंक ने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया है कि वह इस जनकल्याणकारी पहल को लागू करने में पूरा सहयोग करेगा। प्रस्ताव का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ दुर्घटना बीमा, जीवन बीमा, ऋण और दूसरी बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है।

Related Articles

Back to top button