बिहारराज्य

बिहार में NIA-IB और ATS का बड़ा एक्शन, पाकिस्तानी नंबर से जुड़े चैट ग्रुप के मामले में BCA छात्र गिरफ्तार

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), खुफिया ब्यूरो (IB), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और पूर्णिया पुलिस की टीम ने मधुबनी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी यादव टोले में छापेमारी की। इस दौरान पाकिस्तानी कनेक्शन और कथित नफरती बातचीत से जुड़े मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान शाहिद अख्तर के रूप में हुई है।

पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त छापेमारी और गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर एक समूह बनाकर ऐसी बातचीत कर रहा था, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। जांच के दौरान समूह में एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर भी मिला है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं।

BCA का छात्र है गिरफ्तार युवक

जानकारी के मुताबिक, शाहिद अख्तर बीसीए का छात्र है। आरोप है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था और अलग-अलग डिजिटल मंचों पर बातचीत के लिए समूह बना रहा था। इन समूहों में पाकिस्तान के अलावा कुछ अफ्रीकी देशों के लोगों के जुड़े होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अफ्रीकी देशों के नागरिकों से संपर्क को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि इन समूहों में कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था। इसी गतिविधि से जुड़ा खुफिया इनपुट मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने आरोपी पर नजर रखनी शुरू की। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने उसके घर पर छापेमारी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की जांच में जुटीं एजेंसियां

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शाहिद वर्ष 2025 से कट्टरपंथी संगठनों के संपर्क में था। उसके कथित नेटवर्क में हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों के लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह खास तौर पर व्हाट्सऐप समूहों के जरिए नफरती संदेश और कथित साजिश से जुड़ी बातचीत कर रहा था।

हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि समूह में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और पाकिस्तानी नंबर से किस तरह की बातचीत हुई थी।

फिलहाल शाहिद अख्तर से पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां उसके संभावित संपर्कों तथा पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button