उत्तराखंड

प्रवासी उत्तराखंडियों को गांवों से जोड़ने की मुहिम रंग लाई, रिवर्स पलायन में 44% की बढ़ोतरी: CM धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर साल प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए इस सम्मेलन का आयोजन करती है। इसमें देश और विदेश में रहने वाले बड़ी संख्या में उत्तराखंडी हिस्सा लेते हैं। सम्मेलन के जरिए प्रवासियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

पैतृक गांवों के विकास में योगदान दे रहे प्रवासी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के प्रवासी भाई-बहनों ने देश-दुनिया में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। राज्य सरकार उन्हें अपने पैतृक गांवों से दोबारा जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसके सकारात्मक नतीजे भी देखने को मिल रहे हैं। कई प्रवासी अपने गांवों से जुड़ रहे हैं और कुछ ने गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देना शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और जड़ों से जुड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गांवों के विकास को भी गति मिल रही है।

रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत वृद्धि

सीएम धामी ने बताया कि राज्य में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो उत्तराखंड के लिए उत्साहजनक संकेत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश और दुनिया के लगभग सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और योगदान से पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभव, ज्ञान, कौशल और सुझावों के जरिए राज्य के विकास में भागीदार बनें। प्रवासियों से मिलने वाले सुझावों और उनके अनुभवों को सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

शीतकालीन यात्रा के लिए तैयारियां तेज, अधिकारियों को निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन यात्रा के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सर्दियों में भी उत्तराखंड आएं और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करें।

उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सर्दियों में चारधामों के कपाट बंद होने के बाद भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर की जाती है। इन स्थानों पर परंपरागत विधि-विधान से होने वाली पूजा का भी समान धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने का महत्वपूर्ण अवसर है।

अग्निवीरों को आरक्षण देने का वादा पूरा कर रही सरकार

अग्निवीरों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेना में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद बाहर आने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने का वादा राज्य सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी भी दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सैनिक का सम्मान करना उत्तराखंड की परंपरा है और राज्य सरकार इसी भावना के साथ सैनिकों के हित में काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button