मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र से गुमशुदा छात्रा गाजियाबाद के कौशाम्बी बस स्टैंड से बरामद
छात्रा के संभावित आवागमन मार्गों एवं स्थानों को चिन्हित कर लगातार तलाश की गई।
मेरठ। मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र से लापता हुई छात्रा को थाना टीपी नगर पुलिस ने गाजियाबाद के कौशाम्बी बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। थाना टीपीनगर पुलिस ने छात्रा की बरामदगी की कार्रवाई मात्र तीन घंटे 28 मिनट के भीतर की। थाना टीपीनगर क्षेत्रान्तर्गत निवासी एक महिला द्वारा पीआरवी को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी गई कि उनकी 14 साल की बेटी, जो कक्षा 6 में एसएसएन इंटर कॉलेज, रोहटा रोड में पढाई करती है। स्कूल की वैन से वापस आने के उपरान्त घर नहीं पहुंची है।
नाबालिग छात्रा के गुमशुदा होने की सूचना प्राप्त
नाबालिग छात्रा के गुमशुदा होने की सूचना प्राप्त होते ही प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना टीपीनगर पुलिस ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर छात्रा की बरामदगी के लिए तलाश शुरू कर दी। गठित पुलिस टीम ने छात्रा की तलाश के लिए विद्यालय एवं उसके घर के आसपास विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। छात्रा के संभावित आवागमन मार्गों एवं स्थानों को चिन्हित कर लगातार तलाश की गई।
छात्रा की सहेलियों से भी जानकारी प्राप्त की गई
पुलिस टीम द्वारा विद्यालय पहुंचकर छात्रा की सहेलियों से भी जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें एक सहेली द्वारा छात्रा के गोल्डन टेम्पल, अमृतसर जाने की आशंका व्यक्त की गई। थाना टीपीनगर पुलिस टीम ने सबूतों, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, निरंतर पूछताछ एवं प्रयासों के फलस्वरूप जानकारी प्राप्त की। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छात्रा को कौशाम्बी बस स्टैंड के गेट संख्या-एक, गाजियाबाद से बरामद कर लिया। उल्लेखनीय है कि थाना टीपीनगर पुलिस द्वारा नाबालिग छात्रा की गुमशुदगी की सूचना प्राप्त होने के मात्र 03 घंटे 28 मिनट के भीतर छात्रा को दूसरे जनपद से सकुशल बरामद करने में सफलता प्राप्त की।



