MP में 7,000 करोड़ के विकास कार्यों पर मोहन सरकार की मुहर, ओंकारेश्वर में बनेगा भव्य अद्वैत लोक; गांवों के लिए नई पुरस्कार योजना भी मंजूर

भोपाल: मध्य प्रदेश में विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में करीब 7,000 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रमुख है। इसके साथ ही दूध उत्पादन बढ़ाने और देसी मवेशियों की नस्ल सुधारने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना शुरू करने का फैसला भी लिया गया।
कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कश्यप ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के विकास के साथ सहकारी बैंकों को आर्थिक मजबूती देने, बिजली से वंचित घरों तक बिजली पहुंचाने और खनिज संसाधनों की खोज को गति देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई है।
ओंकारेश्वर में 2,278.99 करोड़ से विकसित होगा अद्वैत लोक
कैबिनेट ने ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में वेदांत पीठ की स्थापना के तहत अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य ओंकारेश्वर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
इसके लिए स्वीकृत राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए निर्धारित की गई है। परियोजना के पूरा होने से ओंकारेश्वर में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है।
दूध उत्पादन और देसी नस्लों को बढ़ावा देगी गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना
प्रदेश में पशुपालन को प्रोत्साहित करने और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के जरिए गांवों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ देसी मवेशियों की बेहतर नस्लों के संरक्षण और सुधार पर ध्यान दिया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित करना और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को मजबूत करना है।
नौ कमजोर सहकारी बैंकों को मिलेंगे 325 करोड़ रुपये
प्रदेश के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कैबिनेट ने 325 करोड़ रुपये की शेयर पूंजी सहायता को मंजूरी दी है। इससे इन बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और उनकी कार्यक्षमता में सुधार लाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) के चुनाव कराने की समय-सीमा एक साल बढ़ाने का फैसला भी लिया गया है।
46 हजार से अधिक घरों तक पहुंचेगी बिजली
बिजली की सुविधा से वंचित परिवारों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार की संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के पहले चरण के तहत 193.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस राशि से मध्य प्रदेश की 1,834 बस्तियों में बिजली पहुंचाने का काम किया जाएगा। योजना के दायरे में 46 हजार से अधिक घरों के साथ 54 सरकारी और सार्वजनिक संस्थान भी शामिल हैं, जहां अभी तक बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
खनिज संसाधनों की खोज का जिम्मा राज्य खनिज निगम को
कैबिनेट ने मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को खनिज अन्वेषण नीति लागू करने वाली एजेंसी नियुक्त करने की मंजूरी दी है। इस फैसले से प्रदेश में खनिज संसाधनों की पहचान और उनकी खोज से जुड़ी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059.7 करोड़
कैबिनेट बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को भी जारी रखने की मंजूरी दी गई है। 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी 2026-27 से 2030-31 तक इन योजनाओं के संचालन के लिए 3,059.7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना को भी जारी रखने का फैसला लिया गया है। इसके लिए 1,165 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।



