ट्रंप का नया टैरिफ दांव! चीन-जापान समेत 16 देशों पर बढ़ सकती है अमेरिकी ड्यूटी, भारत की बढ़ेंगी मुश्किलें

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कई देशों पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी में हैं। इस बार अमेरिका की प्रस्तावित कार्रवाई के दायरे में 16 देश आ सकते हैं, जिनमें भारत भी शामिल है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन उन देशों से आयात होने वाले सामान पर पहले से लागू शुल्क बढ़ाने पर विचार कर रहा है, जिन पर अमेरिका ने सरकारी सब्सिडी और अन्य आर्थिक सहायता के जरिए अपने उद्योगों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है।
भारत, चीन और जापान समेत कई बड़ी अर्थव्यवस्थाएं निशाने पर
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित टैरिफ कार्रवाई में चीन, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ और कई अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाएं शामिल हो सकती हैं। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश सब्सिडी और सरकारी मदद के जरिए अपने घरेलू उद्योगों को इस तरह बढ़ावा देते हैं, जिससे उनके उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम कीमत पर उपलब्ध हो पाते हैं।
अमेरिका ने औद्योगिक सब्सिडी को लेकर कई महीनों तक जांच की है। अमेरिकी पक्ष का तर्क है कि सरकारी आर्थिक सहायता के कारण विदेशी कंपनियों को अमेरिकी निर्माताओं के मुकाबले अनुचित प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलता है। वे कम लागत पर सामान तैयार करके बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेच पाती हैं।
ट्रंप प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से अमेरिकी कंपनियों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो रहा है और देश के भीतर विनिर्माण क्षेत्र कमजोर पड़ रहा है। इसी आधार पर प्रशासन संबंधित देशों से आने वाले उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है।
इसी हफ्ते सामने आ सकते हैं जांच के नतीजे
रिपोर्ट में इस मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया गया है कि अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर इसी सप्ताह जांच के नतीजों की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया है कि घोषणा की समयसीमा में बदलाव संभव है।
भारत के लिए यह घटनाक्रम खास तौर पर अहम है, क्योंकि नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। अमेरिकी टैरिफ नीति में संभावित बदलाव और राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ से जुड़े मामले में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दोनों देशों के बीच प्रस्तावित समझौता अब तक अंतिम रूप नहीं ले सका है।
किन उत्पादों पर लग सकता है अतिरिक्त शुल्क?
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन का प्रस्तावित टैरिफ संबंधित देशों से अमेरिका आने वाले अधिकांश उत्पादों पर लागू हो सकता है। हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ औद्योगिक उत्पादों को इससे बाहर रखा जा सकता है। इन वस्तुओं पर राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर पहले से अलग टैरिफ लागू हैं।
फिलहाल भारत समेत किसी भी देश के लिए अंतिम टैरिफ दर तय नहीं की गई है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों के संकेतों से माना जा रहा है कि प्रशासन 2025 में लगाए गए शुल्क के बराबर टैरिफ लागू करने पर विचार कर सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, सभी देशों पर शुल्क की दर एक जैसी रहने की संभावना नहीं है। जापान, यूरोपीय संघ और दक्षिण कोरिया ने अमेरिका के साथ व्यापारिक व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की थी। ऐसे में इन देशों पर 15 प्रतिशत या इससे कम टैरिफ लगाया जा सकता है।
वहीं, अमेरिका के साथ अलग-अलग व्यापार समझौतों की शर्तों के चलते भारत और वियतनाम पर इन देशों की तुलना में अधिक शुल्क लगने की आशंका है। चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ का खतरा बताया जा रहा है, क्योंकि वहां सरकारी सब्सिडी का स्तर काफी अधिक है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर क्या पड़ेगा असर?
ट्रंप प्रशासन की प्रस्तावित कार्रवाई भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिशों को और जटिल बना सकती है। दोनों देशों ने 7 फरवरी, 2026 को एक अंतरिम व्यापार ढांचे की घोषणा की थी। इसके तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर अपने जवाबी टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने और रूस से भारत की तेल खरीद के कारण लगाए गए 25 प्रतिशत के अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क को वापस लेने पर सहमत हुआ था।
हालांकि, इसी महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इस व्यापार व्यवस्था का भविष्य अनिश्चित हो गया। अदालत ने इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) के तहत ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ को रद्द कर दिया था।
इस फैसले के बाद अमेरिका को अपनी टैरिफ व्यवस्था पर दोबारा विचार करना पड़ा और विभिन्न देशों से होने वाले आयात पर शुल्क लगाने के लिए नए ढांचे की जरूरत पैदा हुई।
भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी 18 नवंबर को कहा था कि जब तक अमेरिका की नई टैरिफ व्यवस्था तय नहीं हो जाती, तब तक भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर औपचारिक हस्ताक्षर नहीं किए जा सकते। ऐसे में ट्रंप प्रशासन का नया टैरिफ प्लान दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता के लिए एक और चुनौती बन सकता है।



