
पटना: बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की ओर से दी गई उनकी समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। दिलचस्प बात यह है कि जेल से बाहर आने के बाद आनंद मोहन लगातार जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और उसके नेताओं पर हमलावर थे। अब उनकी दोबारा जेल वापसी के फैसले ने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।
आनंद मोहन को सरकार ने जेल नियमावली में संशोधन के बाद राहत दी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार चाहे तो उन्हें दोबारा सजा में छूट दे सकती है, लेकिन इसके लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा। इस घटनाक्रम के बीच आनंद मोहन और जेडीयू के बीच लंबे समय से चल रही राजनीतिक तल्खी भी चर्चा में है।
बेटे को मंत्री नहीं बनाने के बाद बढ़ी जेडीयू से दूरी
आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद और बेटे चेतन आनंद जेडीयू से जुड़े हैं। लवली आनंद शिवहर से सांसद हैं, जबकि चेतन आनंद नबीनगर से विधायक हैं। राजनीतिक हलकों में माना जाता है कि चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने के बाद आनंद मोहन और जेडीयू के बीच दूरियां बढ़ीं।
वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में चेतन आनंद 112 वोटों से जीतकर विधायक बने थे, लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली। इसके बाद आनंद मोहन ने पार्टी के कई नेताओं पर खुलकर निशाना साधा। उनकी बयानबाजी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन की आड़ में जेडीयू नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जाहिर करने के तौर पर भी देखा गया।
नीतीश संवाद के आयोजन पर भी उठाए थे सवाल
जेडीयू ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री के रूप में दो दशक पूरे होने के अवसर पर ‘सुशासन-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया था। इस आयोजन से एक दिन पहले आनंद मोहन ने इसके नाम और जरूरत पर सवाल खड़े किए थे।
उन्होंने कहा था कि बिहार में नीतीश संवाद की नहीं, बल्कि नीतीश सरकार की जरूरत थी। उन्होंने 2025 से 2030 तक नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर दिए गए चुनावी नारे का भी जिक्र किया था।
आनंद मोहन ने यह आरोप भी लगाया था कि कुछ लोगों ने सरकार को गिरवी रख दिया है और अब प्रायश्चित की बातें कर रहे हैं।
‘पार्टी में चल रही थैली की राजनीति’ कहकर भी घेरा था
मई में भी आनंद मोहन ने जेडीयू नेतृत्व पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में विचारधारा की जगह पैसे का प्रभाव बढ़ रहा है और थैली देने वालों को मंत्री बनाया जा रहा है।
उनके इस बयान पर जेडीयू नेता संजय सिंह ने पलटवार किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब आनंद मोहन की पत्नी और बेटा चुनाव जीते, तो क्या वे भी थैली लेकर आए थे?
‘नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया’ वाले बयान से बढ़ा विवाद
आनंद मोहन ने जेडीयू के कुछ नेताओं पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से किनारे करने का आरोप भी लगाया था। उन्होंने कहा था कि इन नेताओं ने नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया है। उनके मुताबिक, पार्टी के पोस्टरों से मुख्यमंत्री की तस्वीर गायब की जा रही है और उनकी राजनीतिक विरासत को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
बिहार के कोसी क्षेत्र में सवर्ण मतदाताओं के बीच आनंद मोहन का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में उनके बयानों को जेडीयू के लिए राजनीतिक चुनौती के तौर पर भी देखा गया।
जेडीयू ने भी किया पलटवार, नीतीश को दिया रिहाई का श्रेय
आनंद मोहन के लगातार हमलों के बाद जेडीयू नेताओं ने भी जवाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने उन पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह धृतराष्ट्र बन गए हैं और केवल अपने बेटे की राजनीतिक कामयाबी देखना चाहते हैं।
इसके अलावा जेडीयू ने आनंद मोहन की जेल से रिहाई का श्रेय भी नीतीश कुमार को दिया था। पार्टी नेता निहोरा यादव ने मई में कहा था कि आनंद मोहन को यह नहीं भूलना चाहिए कि नीतीश कुमार नहीं होते तो शायद वह जेल से बाहर नहीं आ पाते। उन्होंने यह भी कहा था कि आनंद मोहन को पार्टी की ओर से उनके परिवार को दिए गए सम्मान का एहसान मानना चाहिए।
1994 के जी कृष्णैया हत्याकांड में हुई थी उम्रकैद
आनंद मोहन को गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। बाद में बिहार सरकार ने जेल नियमावली में संशोधन कर उन्हें समयपूर्व रिहाई दे दी थी।
इस फैसले को जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने चुनौती दी थी। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में इसी याचिका पर सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार की ओर से दी गई छूट को अनुचित बताते हुए रद्द कर दिया।
बिहार सरकार की अधिसूचना और जेल नियमावली का संशोधन भी रद्द
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की 24 अप्रैल 2023 की उस अधिसूचना को निरस्त कर दिया, जिसके आधार पर आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई हुई थी। अदालत ने जेल नियमावली में किए गए उस संशोधन को भी रद्द कर दिया, जिसके तहत ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर लगी रोक हटाई गई थी।
पीठ ने कहा कि आनंद मोहन को सजा में दी गई छूट कानूनी कसौटी पर खरी नहीं उतरती। राहत देने के दौरान निचली अदालत के न्यायाधीश की राय पर भी उचित तरीके से विचार नहीं किया गया था। अब अदालत के आदेश के बाद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करना होगा।



