बिहारराज्य

‘फायदा हो तो बाहर, काम निकलने पर जेल के अंदर’, आनंद मोहन और अनंत सिंह पर तेजस्वी का नीतीश-BJP पर तीखा हमला

पटना: बिहार की राजनीति में आनंद मोहन और अनंत सिंह की जेल वापसी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक जरूरत के हिसाब से लोगों को जेल से बाहर निकलवाया जाता है और जरूरत खत्म होने पर फिर जेल भिजवा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यही नीतीश कुमार और भाजपा के काम करने का तरीका है।

तेजस्वी की यह प्रतिक्रिया पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आई है। गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को शीर्ष अदालत ने निरस्त कर दिया है। अदालत के आदेश के मुताबिक, उन्हें एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण कर दोबारा जेल जाना होगा।

‘राजनीतिक फायदा देखकर लेते हैं फैसले’

मीडियाकर्मियों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा को जब राजनीतिक फायदा दिखाई देता है तो किसी को जेल से बाहर निकलवा देते हैं। जब लगता है कि अब उसकी जरूरत नहीं है तो उसे फिर जेल के अंदर करवा देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा कामकाज इसी राजनीतिक सुविधा के हिसाब से चल रहा है।

तेजस्वी ने अनंत सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय पुलिस ने उनके घर से एके-47 बरामद होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उसी पुलिस ने कहा कि वहां हथियार नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में साथ नहीं देने के बाद अनंत सिंह के खिलाफ दूसरे मामले में कार्रवाई हुई और उन्हें फिर जेल जाना पड़ा।

आरजेडी नेता ने नीतीश कुमार के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कभी कहते थे कि न किसी को फंसाते हैं और न किसी को बचाते हैं, लेकिन अब सरकार का कामकाज इसके उलट दिखाई दे रहा है।

विश्वास मत का जिक्र कर अनंत सिंह पर भी साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने फरवरी 2024 में बिहार विधानसभा में हुए विश्वास मत का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान जिन लोगों ने उनका साथ छोड़कर राजनीतिक विश्वासघात किया था, उन्हें अब इसका परिणाम भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने आनंद मोहन और अनंत सिंह का नाम लेते हुए कहा कि ऊपर वाला सब देख रहा है और जनता भी सब कुछ देख रही है। तेजस्वी ने कहा कि आने वाले समय में जनता भी इन नेताओं के राजनीतिक आचरण का हिसाब करेगी।

मीसा भारती बोलीं- जरूरत खत्म हुई तो अलग कर दिया

आनंद मोहन की दोबारा जेल जाने की स्थिति पर आरजेडी सांसद मीसा भारती ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट का फैसला है और इस पर टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।

हालांकि, उन्होंने बिहार के सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब आनंद मोहन की जरूरत थी, तब उनके साथ राजनीतिक समझौता किया गया। अब जरूरत खत्म होने पर उन्हें दूध में से मक्खी की तरह निकालकर अलग कर दिया गया है।

मीसा भारती ने यह भी कहा कि जिस दल ने मुश्किल समय में आनंद मोहन के बेटे और पत्नी का साथ दिया, उसी की पीठ में उन्होंने जरूरत पड़ने पर खंजर भोंक दिया।

Related Articles

Back to top button