
रांची: झारखंड सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना में कुल 41 अवकाश घोषित किए गए हैं। इसके तहत राज्य सरकार के सभी कार्यालयों और राजस्व कार्यालयों में निर्धारित तिथियों पर कामकाज बंद रहेगा।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के आदेश से जारी इस अधिसूचना में बैंकों की वार्षिक लेखा बंदी के अवकाश का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, यह छुट्टी सरकारी प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर लागू नहीं होगी। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि चांद दिखने के आधार पर मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की तारीखों में बदलाव संभव है।
सचिवालय और उससे जुड़े कार्यालयों में पहले की तरह पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू रहेगा, जबकि क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था जारी रहेगी।
रविवार को पड़ने वाले त्योहारों पर अलग से छुट्टी नहीं
अधिसूचना के अनुसार, बैंकों की वार्षिक लेखा बंदी के लिए 1 अप्रैल (गुरुवार) को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद 15 अगस्त, करमा पूजा/फुलखोंसी 12 सितंबर, भैया दूज/चित्रगुप्त पूजा 31 अक्टूबर और गुरुनानक जयंती 14 नवंबर को रविवार पड़ रहा है। इसलिए इन अवसरों के लिए अलग से छुट्टी घोषित नहीं की गई है।
हालांकि, जिन प्रतिष्ठानों में रविवार को सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां इन त्योहारों पर अवकाश लागू रहेगा।
कार्यपालक आदेश के तहत 18 छुट्टियां घोषित
सरकार ने कार्यपालक आदेश के तहत कुल 18 अवकाश घोषित किए हैं। इनमें जनवरी से नवंबर तक पड़ने वाले प्रमुख त्योहार और जयंती शामिल हैं।
इस सूची के अनुसार, सोहराय की छुट्टी 12 और 13 जनवरी, मकर संक्रांति की 14 जनवरी, सुभाष चंद्र बोस जयंती की 23 जनवरी, बसंत पंचमी की 11 फरवरी और संत रविदास जयंती की 20 फरवरी को रहेगी।
इसके अलावा सरहुल/फुलखोंसी पर 10 अप्रैल, मजदूर दिवस पर 1 मई, हूल दिवस पर 30 जून, रथ यात्रा पर 5 जुलाई, विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त और रक्षाबंधन पर 17 अगस्त को अवकाश रहेगा।
सितंबर में गणेश चतुर्थी (4 सितंबर) और विश्वकर्मा पूजा (17 सितंबर) की छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, शारदीय नवरात्र/कलश स्थापना पर 1 अक्टूबर, दशहरा/महासप्तमी पर 6 अक्टूबर और गोवर्धन पूजा पर 30 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को भी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
एनआई एक्ट के तहत 23 राजपत्रित अवकाश
परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (एनआई एक्ट) के तहत सरकार ने 23 राजपत्रित छुट्टियां घोषित की हैं। जनवरी से मार्च के बीच गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), महाशिवरात्रि (6 मार्च), ईद-उल-फितर (10 मार्च), होलिका दहन (22 मार्च), होली (23 मार्च) और गुड फ्राइडे (26 मार्च) पर अवकाश रहेगा।
अप्रैल में सरहुल (9 अप्रैल), डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल), रामनवमी (15 अप्रैल) और महावीर जयंती (19 अप्रैल) की छुट्टी होगी।
इसके बाद ईद-उल-जुहा यानी बकरीद (17 मई), बुद्ध पूर्णिमा एवं पंडित रघुनाथ मुर्मू जयंती (20 मई), मुहर्रम (16 जून), जन्माष्टमी (25 अगस्त) और करमा पूजा (11 सितंबर) पर राजपत्रित अवकाश रहेगा।
अक्टूबर में गांधी जयंती (2 अक्टूबर), महाअष्टमी (7 अक्टूबर), महानवमी (8 अक्टूबर), विजयादशमी (9 अक्टूबर) और दीपावली (29 अक्टूबर) की छुट्टी घोषित की गई है। नवंबर में सूर्य षष्ठी के सायंकालीन अर्घ्य के लिए 4 नवंबर और प्रातःकालीन अर्घ्य के लिए 5 नवंबर को अवकाश रहेगा। साल का अंतिम राजपत्रित अवकाश क्रिसमस के अवसर पर 25 दिसंबर को होगा।



