दिल्लीराज्य

लंदन जाने से रोकने को सरकार ने बताया सौरभ दास के हित में, हाई कोर्ट में दी ‘नो मेंस लैंड’ वाली दलील

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरभ दास के पासपोर्ट और लंदन यात्रा पर रोक का मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। गुरुवार को उनकी याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत में कहा कि मुंबई पुलिस के अनुरोध पर उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। सरकार का तर्क था कि पासपोर्ट से जुड़ी जांच पूरी होने तक दास को विदेश जाने से रोकना उनके ही हित में है।

दास को सोमवार देर रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया था। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि एयरपोर्ट पर उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग कर दिया गया है।

बुधवार शाम विदेश मंत्रालय ने बताया था कि दास के जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में कथित विसंगतियों की जांच की जा रही है। इसी वजह से उन्हें फिलहाल पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई थी।

गुरुवार को हाई कोर्ट में दास की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने कहा कि उन्हें जारी कारण बताओ नोटिस में जन्मस्थान की गलत जानकारी देने और तथ्यों को छिपाकर पासपोर्ट हासिल करने से जुड़े इनपुट का हवाला दिया गया है। नोटिस के जरिए दास से संबंधित दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने को कहा गया है।

वहीं, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) ने याचिका का विरोध करते हुए बताया कि पुडुचेरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने 20 अगस्त को दास के खिलाफ जांच शुरू की थी। यह जांच उनके जन्मस्थान, पते और माता-पिता से जुड़ी जानकारी को लेकर मिली शिकायतों के आधार पर शुरू की गई थी। एएसजी ने कहा कि पासपोर्ट में पाई गई विसंगतियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।

विदेश जाने से रोकने के पीछे सरकार ने क्या तर्क दिया?

सौरभ दास के वकील ने अदालत में दलील दी कि कारण बताओ नोटिस लंबित होने का अर्थ यह नहीं है कि किसी व्यक्ति को विदेश जाने से रोक दिया जाए। उन्होंने विदेश यात्रा को मौलिक अधिकार से जुड़ा मामला बताया।

इस पर एएसजी ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है, जिससे दास का पासपोर्ट अवैध घोषित किया गया हो या उसे रद्द किया गया हो। फिलहाल उन्हें केवल कारण बताओ नोटिस का जवाब देना है।

सरकार की ओर से दलील दी गई कि यदि पासपोर्ट अधिकारी दास के जवाब से संतुष्ट नहीं होते और इस बीच वह लंदन चले जाते, तो उनके सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो सकती थी। एएसजी ने कहा कि ऐसी स्थिति में वह ‘नो मेंस लैंड’ में फंस सकते थे। इसी आधार पर सरकार ने विदेश यात्रा से बचने की सलाह को दास के हित में बताया।

Related Articles

Back to top button