राष्ट्रीय

संसद का विशेष सत्र फिर शुरू होगा! 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक; 3 दिसंबर तक चलेगी कार्यवाही

नई दिल्ली: संसद की सियासत के बीच केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें दोबारा बुलाने की तैयारी कर ली है। सरकार के अनुरोध के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये बैठकें मानसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही होंगी, इन्हें नया सत्र नहीं माना जाएगा।

दरअसल, मानसून सत्र 2026 के दौरान विपक्षी सांसदों के लगातार विरोध और हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई थी। इसके बाद 13 अगस्त 2026 को लोकसभा और राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, इसके बाद संसद का औपचारिक सत्रावसान नहीं किया गया। इसी वजह से सरकार के फैसले को लेकर राजनीतिक बहस भी होती रही।

सत्रावसान नहीं होने पर विपक्ष ने उठाए थे सवाल

संसद का मानसून सत्र स्थगित होने के बाद भी औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किए जाने पर विपक्षी दलों ने सरकार को घेरा था। विपक्ष का आरोप था कि सरकार शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी कर रही है और परिसीमन से जुड़े राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया।

वहीं, सत्तारूढ़ एनडीए ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि संसद का सत्र बुलाना और उसे स्थगित करना सरकार का संवैधानिक अधिकार है। अब सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।

अलग-अलग तारीखों पर बैठेंगे दोनों सदन

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर को होगी। कामकाज की जरूरत के मुताबिक दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।

सरकार ने फिलहाल बैठकों का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है। इतना जरूर स्पष्ट किया गया है कि इन बैठकों का उद्देश्य जरूरी सरकारी कामकाज को पूरा करना है। सदन में कौन-कौन से विधेयक और प्रस्ताव रखे जाएंगे, इस पर अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर सबकी नजर

संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने के बीच परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान इन मुद्दों पर कोई महत्वपूर्ण प्रस्ताव ला सकती है।

चर्चा है कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। इसके जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने की योजना है।

हालांकि, परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताएं भी सामने आई हैं। इन राज्यों को आशंका है कि नई परिसीमन प्रक्रिया से लोकसभा में उनका प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। इस बीच हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का विकल्प भी चर्चा में है। एक अन्य प्रस्ताव यह है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए, जो 1971 की जनगणना पर आधारित है। फिलहाल इन विकल्पों पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

100 दिन से ज्यादा समय से औपचारिक रूप से जारी है मानसून सत्र

13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बावजूद मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है। इस तरह सत्र को 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है। इस अवधि ने वर्ष 2008 में दर्ज 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

संसद की बैठक से पहले कांग्रेस बनाएगी अपनी रणनीति

संसद की आगामी कार्यवाही को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 27 नवंबर को दिल्ली में शाम 4:30 बजे कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई गई है। इसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की कार्यवाही के दौरान पार्टी की रणनीति और सरकार के संभावित विधायी प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button