राष्ट्रीयस्वास्थ्य

दिल के मरीजों के लिए भी फायदेमंद फ्लू का टीका, हार्ट अटैक और मौत का खतरा घटने का दावा: अध्ययन

नई दिल्ली: फ्लू का टीका आमतौर पर मौसमी संक्रमण से बचाव के लिए लगाया जाता है, लेकिन अब एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में इसके दिल के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण फायदे सामने आए हैं। शोध के मुताबिक, फ्लू का टीका लगवाने वाले हृदय रोगियों में अस्पताल में भर्ती होने और मृत्यु का खतरा कम देखा गया। यह अध्ययन प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल ‘द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ’ में प्रकाशित हुआ है।

इस शोध में भारत सहित मध्य पूर्व और अफ्रीका के 10 देशों के अस्पतालों में भर्ती 5,130 मरीजों को शामिल किया गया। भारत में एम्स के हृदय रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. अंबुज रॉय के नेतृत्व में यह अध्ययन किया गया। डॉ. रॉय के मुताबिक, फ्लू के मौसम में टीका लगवाने वाले हृदय रोगियों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के मामले तुलनात्मक रूप से कम सामने आए।

अध्ययन में दो समूहों के बीच सामने आया अंतर

शोध के दौरान हृदय रोगियों को लगभग बराबर संख्या में दो समूहों में बांटा गया था। पहले समूह को नियमित हृदय उपचार के साथ हर साल फ्लू का टीका दिया गया, जबकि दूसरे समूह को केवल सामान्य हृदय संबंधी उपचार मिला और उन्हें टीका नहीं लगाया गया।

फ्लू के मौसम में दोनों समूहों के स्वास्थ्य परिणामों की तुलना की गई। इसमें पाया गया कि जिन मरीजों को फ्लू का टीका नहीं लगा था, उनमें 9.1 प्रतिशत मरीजों की मृत्यु हुई या हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक अथवा अन्य हृदय संबंधी समस्याओं के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, टीका लगवाने वाले मरीजों में यह आंकड़ा घटकर 6.2 प्रतिशत रह गया।

भारत में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए टीकाकरण का समय अलग

प्रोफेसर अंबुज रॉय के अनुसार, भारत में भौगोलिक परिस्थितियों और फ्लू के मौसम को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए टीकाकरण का समय निर्धारित किया जाता है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में एनएच स्ट्रेन वाला फ्लू का टीका अक्टूबर में लगवाने की सलाह दी जाती है।

वहीं, देश के अन्य हिस्सों में एसएच स्ट्रेन वाला टीका अप्रैल में लगवाने की सलाह दी जाती है। उन्होंने हृदय रोगियों को हर साल फ्लू का टीका लगवाने की जरूरत पर जोर दिया।

निमोनिया के खतरे से बचाव में भी मिल सकती है मदद

डॉ. अंबुज रॉय के मुताबिक, फ्लू का टीका केवल मौसमी संक्रमण से बचाव तक सीमित नहीं है। इससे निमोनिया का खतरा कम करने में भी मदद मिल सकती है। खासतौर पर हृदय रोगियों में संक्रमण के कारण स्थिति गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती होने की आशंका को कम करने में इसका लाभ देखा गया है।

Related Articles

Back to top button