
शाबरीन मशर्रत पहले, मिन्नत प्रवीण दूसरे और नेहा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं] ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतियोगिता में 40 विद्यार्थियों ने लिया भाग
दरभंगा : डायरिया के प्रति जन जागरूकता के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को आदर्श मध्य विद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा नगर में पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गयी । स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा-छह, सात और आठ के 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया । सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानाध्यापक मोहम्मद साजिद हसन ने पुरस्कृत किया । पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कक्षा -सात की शाबरीन मशर्रत, द्वितीय स्थान पर कक्षा -सात की मिन्नत प्रवीणऔर तृतीय स्थान पर कक्षा -छह की नेहा कुमारी रहीं।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव और उपचार के बारे में जरूरी टिप्स दिए गए। इसके बाद विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और डायरिया से जुड़े जरूरी संदेशों को ब्रश और कलर के माध्यम से आकर्षक ढंग से पोस्टर पर उकेरा। कार्यक्रम में भाग ले रहे विद्यार्थियों ने कहा कि आज डायरिया से जुड़ी जो जरूरी जानकारी मिली है, उसे घर जाकर अपने भाइयों-बहनों व परिवार वालों से भी साझा करेंगे । इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद साजिद हसन ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बहुत ही सहज तरीके से बच्चों के बीच डायरिया के संभावित कारणों एवं बचाव की समझ विकसित करने की कोशिश की गयी, जो कि बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने में मददगार साबित होगी।

इस मौके पर पीएसआई इंडिया के प्रोग्राम मैनेजर संजय तरुण ने बताया कि हाथ धोने के विभिन्न चरणों का पालन कर बच्चों को डायरिया समेत कई अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और कारगर तरीका साबुन और पानी से हाथों को अच्छी तरह से धुलना है। खाना बनाने और खाने से पहले, शौच के बाद एवं घर की साफ सफ़ाई के बाद हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धोएं । बच्चे को दस्त की शिकायत हो तो तुरन्त ओआरएस का घोल एवं जिंक देना शुरू करना चाहिए जो कि स्थानीय सरकारी अस्पतालों एवं आशा, एएनएम दीदी के पास निःशुल्क उपलब्ध है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक मोहम्मद शकील अहमद एवं सत्यजीत मानिक का विशेष सहयोग रहा । बच्चों ने इनकी देखरेख में अनुशासित तरीके से कार्यक्रम में भाग लिया । इस मौके पर विद्यालय के शिक्षकों के साथ पीएसआई इंडिया के अखिलेश कुमार आदि उपस्थित रहे।



