कांग्रेस छोड़ BJP में गए इंदौर के 3 पार्षदों की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस; 16 दिसंबर को अगली सुनवाई

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए तीन पार्षदों की सदस्यता का मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट की याचिका पर सुनवाई करते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने मामले से जुड़े प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। फिलहाल तीनों पार्षदों की सदस्यता पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
याचिका में तीनों पार्षदों को अयोग्य घोषित कर उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 17(3) की संवैधानिक वैधता को भी चुनौती दी गई है। इस प्रावधान के तहत पार्षदों की अयोग्यता से जुड़े फैसले की व्यवस्था पर याचिकाकर्ता ने सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद थामा था बीजेपी का दामन
इस पूरे विवाद की शुरुआत इंदौर नगर निगम के तीन पार्षदों के दल बदलने के बाद हुई। वार्ड 15 से ममता सुनेर, वार्ड 17 से शिवम यादव और वार्ड 23 से विनिता मौर्य कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पार्षद बने थे। बाद में तीनों ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया। इसके बाद उनकी पार्षद सदस्यता समाप्त करने की मांग उठने लगी।
मामले में 26 मार्च 2026 को नगर निगम प्रशासन ने तीनों पार्षदों को अयोग्य ठहराने की मांग खारिज कर दी थी। इस फैसले के बाद सदस्यता समाप्त कराने की मांग को लेकर कानूनी लड़ाई आगे बढ़ी।
नगर निगम के फैसले को सोनिला मिमरोट ने दी चुनौती
नगर निगम प्रशासन के फैसले के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। इसमें पार्षदों की अयोग्यता से संबंधित धारा 17(3) की संवैधानिक वैधता पर भी आपत्ति जताई गई है।
याचिकाकर्ता का तर्क है कि पार्षदों की अयोग्यता पर निर्णय लेने का अधिकार राज्य सरकार के पास होना निष्पक्ष प्रक्रिया के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है। हाईकोर्ट ने प्रतिवादियों से इस मामले में जवाब मांगा है। अब सभी की नजरें 16 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।



