पाकिस्तान पहुंचते ही बांग्लादेशी स्पीकर के बदले सुर, 1971 की जंग को लेकर भारत पर लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली: पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया है। इस्लामाबाद में उन्होंने 1971 के युद्ध के दौरान भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भारत ने बंगालियों की मदद नहीं की थी, बल्कि उसका उद्देश्य पाकिस्तान को कमजोर करना था। उनके इस बयान से भारत और बांग्लादेश के संबंधों को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को इस्लामाबाद स्थित संसद भवन का दौरा करने के दौरान अहमद ने 1971 के युद्ध और ढाका के पतन से जुड़े घटनाक्रम पर अपनी बात रखी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के 15 साल के शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान बांग्लादेश भारत का एक तरह से ‘उपनिवेश’ बन गया था और इसकी कीमत देश की जनता को चुकानी पड़ी।
गौरतलब है कि हाफिज उद्दीन अहमद पाकिस्तानी सेना में कैप्टन रह चुके हैं। उन्होंने 1971 के युद्ध में हिस्सा लिया था। बाद में बांग्लादेश में उन्हें उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित भी किया गया।
1971 में बंगालियों को लोकतांत्रिक अधिकार नहीं मिलने का आरोप
बांग्लादेशी स्पीकर ने कहा कि 1971 में बंगाली समुदाय लोकतंत्र और अपने अधिकारों की मांग कर रहा था, लेकिन उसे उसका हक नहीं दिया गया। उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान की संसदीय व्यवस्थाओं की तुलना करते हुए कहा कि बांग्लादेश में 1975 में एकदलीय व्यवस्था लागू कर दी गई थी।
अहमद ने इस बात पर अफसोस जताया कि देश में वास्तविक लोकतंत्र स्थापित नहीं हो सका। हालांकि, उन्होंने फरवरी 2026 में हुए आम चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बताया। उनके मुताबिक, बांग्लादेश की जनता तानाशाही को खारिज कर लोकतांत्रिक व्यवस्था चाहती है।
शेख हसीना की वापसी पर भारत को दी चेतावनी
स्पीकर ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के मुद्दे पर भी भारत को निशाने पर लिया। अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद से हसीना भारत में रह रही हैं। अहमद ने कहा कि यदि वह बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें सीधे जेल भेज दिया जाएगा।
उन्होंने हसीना की संभावित वापसी से जुड़े बयानों को उनके समर्थकों को भरोसा दिलाने की कोशिश बताया। साथ ही दावा किया कि अगले कम से कम 10 वर्षों तक उनके बांग्लादेश लौटने की संभावना नहीं है।
अहमद ने शेख हसीना पर ऐसे देश में शरण लेने का आरोप लगाया, जिसे उन्होंने मुसलमानों के प्रति शत्रुतापूर्ण बताया। बांग्लादेश लगातार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग करता रहा है। स्पीकर ने कहा कि भारत की ओर से उन्हें वापस नहीं भेजे जाने की स्थिति में बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) का रुख कर सकता है। हालांकि, उन्होंने इस संभावित कदम के लिए कोई कानूनी आधार स्पष्ट नहीं किया।
वहीं, भारत की ओर से कहा गया है कि प्रत्यर्पण से संबंधित अनुरोध की सक्षम अधिकारी लागू कानूनों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच कर रहे हैं।
अवामी लीग को बताया आतंकवादी पार्टी
हाफिज उद्दीन अहमद ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर भी निशाना साधा और उसे ‘आतंकवादी पार्टी’ करार दिया। अगस्त 2024 में हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद से अवामी लीग बांग्लादेश के राजनीतिक घटनाक्रम का प्रमुख मुद्दा बनी हुई है।
अंतरिम सरकार पहले ही पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगा चुकी है। फरवरी 2026 में हुए आम चुनाव में भी अवामी लीग को हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी गई थी। अहमद ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को तानाशाही के खिलाफ संघर्ष बताते हुए कहा कि बांग्लादेश की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था चाहती है।
कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के रुख का किया समर्थन
बांग्लादेशी स्पीकर ने कश्मीर मुद्दे पर भी पाकिस्तान के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर विवाद का समाधान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप होना चाहिए।
इसके अलावा अहमद ने इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (आईपीयू) की कार्यकारी समिति के लिए बांग्लादेश के उम्मीदवार का समर्थन करने पर पाकिस्तान की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ढाका और इस्लामाबाद के संबंध और मजबूत होंगे।



