अन्तर्राष्ट्रीय

‘वेड इन इंडिया’ मुहिम का दिखने लगा असर, विदेशी ठिकानों को छोड़ भारत में शाही शादियों का बढ़ा चलन

नई दिल्ली: विदेशी द्वीपों और आलीशान महलों में शादी करने के बजाय अब अमीर भारतीय और प्रवासी भारतीय परिवार देश में ही भव्य आयोजन को प्राथमिकता दे रहे हैं। ‘वेड इन इंडिया’ मुहिम, बेहतर परिवहन सुविधाओं और पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात ने इस बदलाव को रफ्तार दी है। इसका सीधा फायदा देश के पर्यटन, होटल, खानपान और आयोजन से जुड़े कारोबार को मिल रहा है। शादियों पर खर्च होने वाली बड़ी रकम अब विदेश जाने के बजाय भारत में ही रह रही है।

दुनिया की करीब 25 फीसदी शादियां भारत में

दुनियाभर में होने वाली लगभग 25 फीसदी शादियां भारत में आयोजित होती हैं। इस बड़े बाजार को संगठित वेडिंग टूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए सरकार और उद्योग जगत मिलकर काम कर रहे हैं।

पर्यटन मंत्रालय राष्ट्रीय वेडिंग टूरिज्म डिजिटल डाटाबेस तैयार कर रहा है। इसमें शादी के लिए उपलब्ध स्थलों, वहां कमरों की क्षमता और दूसरी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एक जगह उपलब्ध होगी। इसके अलावा दिसंबर तक जीएसटी और संगीत कार्यक्रमों के लाइसेंस जैसी अनुमतियों की प्रक्रिया आसान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उदयपुर-गोवा के साथ अयोध्या और वाराणसी भी पसंदीदा ठिकाने

डेस्टिनेशन वेडिंग का आकर्षण अब राजस्थान और गोवा तक सीमित नहीं रह गया है। केरल, देहरादून, कोच्चि, महाबलीपुरम, कुर्ग, अलीबाग, कर्जत, अमृतसर, ऋषिकेश, मसूरी और आगरा जैसे स्थान भी शादी समारोहों के लिए लोकप्रिय हो रहे हैं।

इस बीच आध्यात्मिक शहरों में भी शाही शादियों की मांग बढ़ रही है। अयोध्या, वाराणसी, द्वारका, मदुरै, उज्जैन और महेश्वर नए वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहे हैं। यहां धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच पारंपरिक रस्मों के साथ भव्य आयोजन करने का आकर्षण परिवारों को खींच रहा है।

अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ना चाहते हैं एनआरआई परिवार

विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रवासी भारतीय परिवारों के लिए भारत में शादी आयोजित करना केवल एक समारोह तक सीमित नहीं है। इसके जरिए वे अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ने के साथ विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों को भारतीय परंपराओं से परिचित कराने का अवसर भी पाते हैं। ऐसे परिवार शादी की रस्मों को पूरे वैभव के साथ निभाना चाहते हैं।

पश्चिम एशिया में संकट और यात्रा को लेकर बनी अनिश्चितता ने भी इस रुझान को बढ़ाया है। कुछ परिवारों ने मध्य पूर्व, अबू धाबी और श्रीलंका में पहले से तय शादी समारोह रद्द कर भारत में आयोजन करने का फैसला किया है। इसके चलते उदयपुर, ऋषिकेश, अहमदाबाद और आध्यात्मिक शहरों की मांग बढ़ी है।

उदयपुर इस मामले में खास पसंद बना हुआ है। यहां ऐतिहासिक महलों और विरासत संपत्तियों के साथ सजावट, रोशनी, ध्वनि, खानपान और आयोजन प्रबंधन के लिए अनुभवी टीमें उपलब्ध हैं। इससे बड़े स्तर पर शादी समारोह आयोजित करना आसान होता है और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलता है।

देश में डेस्टिनेशन वेडिंग का औसत खर्च 58 लाख रुपये

उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक सामान्य शादी का औसत बजट करीब 39.5 लाख रुपये है। वहीं, देश के भीतर डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित करने पर औसतन 58 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं।

एक करोड़ रुपये से अधिक बजट वाली 60 फीसदी से ज्यादा शादियां घर से बाहर आयोजित होती हैं। इनमें बड़ी संख्या अब भारत के अलग-अलग शहरों और पर्यटन स्थलों पर हो रही है। लक्जरी और अल्ट्रा-एचएनआई परिवारों की शादियों का बजट कई करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।

कमरों की कमी और अनुमति की जटिल प्रक्रिया बनी चुनौती

भारत में वेडिंग टूरिज्म की संभावनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन इसके सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। जनवरी से मई की शुरुआत तक, खासकर फरवरी में, लोकप्रिय शादी स्थलों पर होटलों के कमरों की मांग काफी बढ़ जाती है। कई जगह उपलब्धता कम होने से होटल किराये बढ़ जाते हैं, जिसका सीधा असर शादी के बजट पर पड़ता है।

इसके अलावा संगीत कार्यक्रमों, शराब, आयोजन स्थलों, पुलिस, ग्राम पंचायत और समुद्र तटों से जुड़ी अनुमतियां हासिल करने की प्रक्रिया भी जटिल है। उद्योग जगत की मांग है कि इन मंजूरियों को सरल और एकीकृत किया जाए। इससे शादी आयोजकों और परिवारों को सुविधा मिलेगी और भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर सकेगा।

Related Articles

Back to top button