
तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में एक श्रद्धालु ने 121 किलो सोने के आभूषण और हीरे दान किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है। चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने गुरुवार को यह दान किया। मंदिर में किसी एक श्रद्धालु की ओर से अब तक दिया गया यह सबसे बड़ा दान बताया जा रहा है।
दान की प्रक्रिया मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में पूरी हुई। कारोबारी वर्धमान जैन ने व्यापार में सफलता मिलने पर भगवान के प्रति आभार जताने के लिए यह भेंट चढ़ाई। बताया गया है कि उन्होंने इसके लिए मन्नत मांगी थी। कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने के बाद बड़ी रकम मिलने पर उन्होंने मन्नत पूरी करने का फैसला किया।
भगवान वेंकटेश्वर को 106 किलो और देवी पद्मावती को 15 किलो सोने के आभूषण
दान में शामिल कुल 121 किलो आभूषणों में से 106 किलो सोने के गहने भगवान वेंकटेश्वर को अर्पित किए गए हैं। वहीं, देवी श्री पद्मावती अम्मावरु के लिए 15 किलो के आभूषण और पोशाक चढ़ाई गई है।
इस भेंट में सोने के बाघ के नाखून, विभिन्न प्रकार की चेन, मुकुट, रत्न और कई अन्य आभूषण शामिल हैं। कुल मिलाकर दान में 46 आभूषण बताए गए हैं।
पहले भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए कर चुके हैं दान
वर्धमान जैन इससे पहले भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग दे चुके हैं। उन्होंने एक भक्ति चैनल को पांच करोड़ रुपये और गौ-संरक्षण के लिए एक करोड़ रुपये दान किए थे। अब तिरुपति मंदिर में 121 किलो सोने और हीरे के आभूषण चढ़ाकर उन्होंने एक नया दान रिकॉर्ड बनाया है।
तिरुपति मंदिर में बाल चढ़ाने की भी है परंपरा
तिरुमला मंदिर में भगवान के दर्शन के साथ बाल अर्पित करने की भी पुरानी परंपरा है। मान्यता के अनुसार, श्रद्धालु अपने अहंकार और बुराइयों को त्यागने के प्रतीक के रूप में बाल अर्पित करते हैं। धार्मिक विश्वास है कि इस तरह भक्त भगवान के प्रति समर्पण व्यक्त करते हैं। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर भी बाल चढ़ाते हैं।



