शादी के जश्न के बीच स्टेज पर अचानक गिरा दूल्हा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; अगले ही दिन उजड़ गया दुल्हन का सुहाग

कटिहार: बिहार के कटिहार में एक परिवार की शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रिसेप्शन समारोह के दौरान दूल्हे की अचानक मौत हो गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक जश्न और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। दूल्हा अपनी पत्नी के साथ स्टेज पर बैठा था, तभी अचानक गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया। अफसोस कि पूर्णिया पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से आयुष चिकित्सक थे और पटना में रहते थे। यह घटना कटिहार जिले के फलका प्रखंड के पोठिया बाजार स्थित वार्ड नंबर 13 की है। जानकारी के मुताबिक, पवन की शादी 25 नवंबर को पास के दिरा चांदपुर गांव में हुई थी। परिवार ने पूरे उत्साह के साथ बारात निकाली और धूमधाम से विवाह की रस्में पूरी की थीं। अगले दिन यानी 26 नवंबर को पवन अपनी नवविवाहित पत्नी को लेकर घर पहुंचे।
रिसेप्शन के दौरान अचानक स्टेज पर गिरे पवन
शादी के बाद 26 नवंबर की शाम परिवार की ओर से बहुभोज यानी रिसेप्शन समारोह आयोजित किया गया था। इसमें रिश्तेदारों, ग्रामीणों और परिचितों को दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया गया था। समारोह में पवन अपनी पत्नी गुड़िया के साथ स्टेज पर बैठे थे। मेहमानों का आना-जाना जारी था और लोग नवदंपती को शुभकामनाएं दे रहे थे।
कार्यक्रम लगभग समाप्त होने वाला था, तभी अचानक पवन स्टेज पर ही गिर पड़े। उन्हें इस तरह गिरता देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें फलका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दुल्हन गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार में मचा कोहराम
पवन की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की रस्में और उत्सव चल रहे थे, वहां मातम पसर गया। नवविवाहिता गुड़िया इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकी। वह बार-बार बेहोश हो रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।
बाद में परिजन पवन के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
भाई श्रवण ने बताई पूरी घटना, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पवन के भाई श्रवण ने घटना की जानकारी दी। परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दर्दनाक है, क्योंकि शादी की खुशियां मनाने के अगले ही दिन उन्हें घर के सदस्य को खोना पड़ा। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पवन की अचानक तबीयत बिगड़ने और उनकी मौत की वास्तविक चिकित्सकीय वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।



