उत्तराखंडराज्य

धामी कैबिनेट के 23 फैसले, वन आरक्षी भर्ती में उम्र सीमा 28 साल; आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी बढ़ा

देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 23 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी, वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाने और मेडिकल पीजी छात्रों के लिए अनिवार्य सेवा अनुबंध समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अलावा चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी, हरिद्वार में तीन कॉरिडोर विकसित करने और ऋषिकेश के बापू ग्राम सहित वन क्षेत्र में बसे इलाकों को राहत देने से जुड़े प्रस्ताव भी मंजूर किए गए।

कैबिनेट के फैसलों में युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया। आवास निर्माण के नियमों में राहत, भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में संशोधन और खनन से संबंधित शुल्क में बदलाव भी बैठक के प्रमुख फैसलों में रहे। मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी दी।

वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष

वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इस फैसले से भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि

कैबिनेट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी।

चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी

राज्य सरकार चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

मेडिकल पीजी छात्रों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा

राजकीय मेडिकल कॉलेजों से स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा पूरी करने वाले छात्रों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने का निर्णय लिया गया है।

फार्मासिस्ट भर्ती में बी फार्मा अभ्यर्थियों को भी मौका

फार्मासिस्ट भर्ती प्रक्रिया में डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को भी शामिल करने की मंजूरी दी गई है।

खनन शुल्क में बदलाव, रॉयल्टी नहीं बढ़ेगी

जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के शुल्क की दर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, खनन की रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है।

हरिद्वार में विकसित होंगे तीन कॉरिडोर

हरिद्वार में पीआरटी परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

भवन निर्माण नियमों और भूमि उपयोग परिवर्तन में राहत

कैबिनेट ने भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज से जुड़े प्रावधानों में शिथिलता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ ही भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में भी बड़ी कटौती करने का निर्णय लिया गया है।

बापू ग्राम समेत वन क्षेत्र में बसे इलाकों को राहत

ऋषिकेश के बापू ग्राम की 594.94 एकड़ भूमि सहित वन क्षेत्र में बसे आबादी वाले इलाकों को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।

सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी

श्रम विभाग के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा कोष गठित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

आबकारी विभाग में नए पदों का सृजन

आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आयुक्त के छह नए पद सृजित करने की मंजूरी दी गई है।

सेतु आयोग और विधानसभा से जुड़े प्रस्ताव मंजूर

सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने सहमति प्रदान की।

इसके अलावा उत्तराखंड फार्मा संवर्ग, एक्सरे प्राविधिक सेवा नियमावली, अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली, महाधिवक्ता कार्यालय और वन सेवा नियमावली में संशोधन समेत कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

Related Articles

Back to top button