मध्य प्रदेशराज्य

दोस्ती के पीछे छिपा था हत्या का शक! पत्नी से संबंधों की आशंका में दोस्त को मार डाला, टीवी की आवाज बढ़ाकर रची वारदात

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में जले हुए शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के सामने खाली प्लॉट पर मिले शव की पहचान विनय उर्फ हरिओम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विनय की हत्या उसके ही दोस्त ने की थी। आरोपी को शक था कि विनय उसकी पत्नी से बातचीत करता है। इसी संदेह के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया और पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया।

पुलिस ने इस मामले में ई-रिक्शा चालक अजय कपारिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी गरीब नवाज कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि मृतक विनय श्रेयांश नगर (छोटा बांगड़दा) में रहता था। वह भी ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करता था।

पत्नी से बातचीत के शक में दोस्त की हत्या

पुलिस पूछताछ में अजय ने बताया कि उसे संदेह था कि विनय उसकी पत्नी से बातचीत करता है। इसी बात को लेकर वह उससे नाराज था। पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को आरोपी विनय को जैकेट दिलाने का बहाना बनाकर अपने मामा के घर साउथ तोड़ा ले गया। वहां दोनों ने गांजे का सेवन किया। इसके बाद आरोपी ने विनय की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात के दौरान टीवी की आवाज बढ़ा दी, ताकि घर के बाहर किसी को घटना की आवाज सुनाई न दे। हत्या के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने और उसकी पहचान छिपाने की योजना पर काम शुरू कर दिया।

शव ठिकाने लगाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी रात में शव को अपने ई-रिक्शा में लेकर निकला। उसने पुराने कपड़े, गुदड़ी, रजाई और गद्दे भी रिक्शा में रख लिए। इसके बाद वह अलग-अलग रास्तों से गुजरते हुए सुनसान इलाके तक पहुंचा। वहां उसने शव को कचरे के ढेर पर रखकर पुराने कपड़ों और अन्य सामान से ढका और आग लगा दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया।

हत्या के बाद परिजनों के साथ तलाश में शामिल हुआ आरोपी

वारदात के बाद आरोपी ने खुद को इस मामले से अनजान दिखाने की कोशिश की। अगले दिन जब विनय के पिता जगदीश सोलंकी ने उससे बेटे के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि वह विनय को रात में ही छोड़कर आया था।

इसके बाद आरोपी विनय के परिजनों के साथ एरोड्रम थाने भी पहुंचा और गुमशुदगी अथवा अपहरण की शिकायत दर्ज कराने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, उस समय पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। परिवार अपने स्तर पर विनय की तलाश करता रहा। मंगलवार को जले हुए शव की पहचान होने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर मामले में कार्रवाई शुरू हुई।

सिर में लगी सर्जिकल प्लेट से हुई मृतक की पहचान

जले हुए शव की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर में लगी सर्जिकल प्लेट पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। प्लेट पर मौजूद विशिष्ट सीरियल नंबर के आधार पर पुलिस अरविंदो अस्पताल पहुंची। अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की कि विनय का पिछले साल ऑपरेशन हुआ था और उसके सिर में वही प्लेट लगाई गई थी।

मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर शव की पहचान विनय के रूप में हुई। इसके अलावा, विनय की बहन ने बताया कि तलाक के बाद उसके भाई ने अपने शरीर पर बाज का टैटू बनवाया था। इस जानकारी ने भी पहचान की पुष्टि करने में मदद की।

एक अन्य युवक को भी निशाना बनाने की योजना

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अजय एक अन्य युवक नानकू को भी मारने की योजना बना रहा था। उसे नानकू पर भी अपनी पत्नी से बातचीत करने का संदेह था। हालांकि, नानकू के बाहर चले जाने से वह इस वारदात का शिकार नहीं हुआ।

डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक, आरोपी अजय कपारिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button