
जयपुर: राजस्थान की हवा महल विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ भड़काऊ बयान देने और न्यायिक अधिकारी को कथित तौर पर धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। गालता गेट थाने में यह मामला अदालत के आदेश के बाद दर्ज हुआ है। शिकायत एक वकील याकूब खान ने की थी।
10 दिसंबर 2025 की घटना को लेकर शिकायत
शिकायत के मुताबिक, 10 दिसंबर 2025 को बालमुकुंद आचार्य अपने समर्थकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जयपुर के बास बदनपुरा स्थित मीना कॉलोनी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उन्होंने शिकायतकर्ता के चचेरे भाई मोहम्मद आरिफ के घर के पास धमकी भरे बयान दिए। मोहम्मद आरिफ न्यायिक अधिकारी हैं और फिलहाल जयपुर से बाहर तैनात हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान विधायक ने हिंदुओं के इलाके से चले जाने और मुसलमानों के मकान खरीदने तथा उनकी मरम्मत कराने को लेकर ऐसे बयान दिए, जिनसे दोनों समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा हो सकता था।
संपत्ति बेचकर दूसरी जगह जाने का दबाव बनाने का आरोप
अधिवक्ता याकूब खान का आरोप है कि बालमुकुंद आचार्य चाहते थे कि मोहम्मद आरिफ अपनी संपत्ति बेचकर वहां से चले जाएं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, विधायक की कथित गतिविधियां आरिफ के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं।
खान ने बताया कि दिसंबर 2025 में पुलिस से शिकायत करने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में शिकायत दायर की, जिसके आदेश पर अब एफआईआर दर्ज की गई है।
क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच
गालता गेट थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि अदालत के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में आपराधिक साजिश, दुश्मनी को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय एकता के खिलाफ बयान देने, धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि मामले में मौजूदा विधायक का नाम सामने आने के कारण जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
जयपुर में एक ही घर से मिले परिवार के तीन शव
इसी बीच जयपुर में शुक्रवार को एक घर से परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने का मामला भी सामने आया। पुलिस को आशंका है कि युवक ने अपनी मां और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र के रामनगर की है। माना जा रहा है कि यह घटना बृहस्पतिवार को हुई, जबकि पुलिस को इसकी जानकारी शुक्रवार सुबह मिली।
मृतकों की पहचान सरोज देवी (50), उनकी बेटी शिवांगी (25) और बेटे लक्की (27) के रूप में हुई है। अतिरिक्त उपायुक्त (उत्तर) बजरंग सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि लक्की अपनी मां और बहन के बीच अक्सर होने वाले विवादों से परेशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



