मध्य प्रदेशराज्य

मुरैना में वन विभाग का बड़ा बुलडोजर एक्शन, 4 हेक्टेयर जंगल की जमीन कराई अतिक्रमण से मुक्त

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पहाड़गढ़ वन परिक्षेत्र में विभागीय टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 4 हेक्टेयर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यहां वन भूमि को साफ कर खेती योग्य बनाने की कोशिश की जा रही थी। कब्जा जमाने के लिए पत्थर की दीवार और बाड़ भी बनाई गई थी, जिसे वन विभाग की टीम ने ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक ग्वालियर के निर्देशन और वनमंडलाधिकारी मुरैना के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व उपवनमंडलाधिकारी सबलगढ़ कुलदीप राजोदिया और वन परिक्षेत्र अधिकारी पहाड़गढ़ हिना खान ने किया।

वन भूमि को खेती के लिए तैयार करने की हो रही थी कोशिश

वन विभाग की टीम ने पहाड़गढ़ वन परिक्षेत्र की बीट मरा स्थित कक्ष क्रमांक P138 में कार्रवाई की। यहां करीब 4 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। अतिक्रमणकारियों ने जंगल की जमीन को साफ कर खेती के लिए तैयार करने की कोशिश की थी। मौके पर मौजूद फसल को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके अलावा वन भूमि पर कब्जे के उद्देश्य से बनाई गई पत्थर की दीवार और बाड़ को भी तोड़ दिया गया।

वन विभाग के अमले ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया

अतिक्रमण हटाने का अभियान वन चौकी प्रभारी पहाड़गढ़ रवि तोमर और बीट प्रभारी मरा आशु शर्मा की निगरानी में वन चौकी पहाड़गढ़ के कर्मचारियों ने पूरा किया। कार्रवाई के बाद करीब 4 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध कब्जे के प्रयास से मुक्त करा लिया गया।

वन भूमि पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का दावा

वन विभाग ने कहा है कि जंगलों की सुरक्षा और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वन भूमि पर अवैध कब्जा, पेड़ों की कटाई और खेती जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण करने या इसकी कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button