झारखण्ड

MMDR संशोधन कानून के खिलाफ प्रस्ताव पर बाबूलाल मरांडी का विरोध, सोरेन सरकार से केंद्र के संसाधनों पर श्वेतपत्र की मांग

रांची: झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर संशोधन कानून-2026 के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से लाए गए प्रस्ताव का नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विरोध किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर वित्तीय उपेक्षा के आरोपों को एकपक्षीय बताते हुए हेमंत सोरेन सरकार से केंद्र द्वारा राज्य को दिए गए संसाधनों, उनके इस्तेमाल और विकास परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। मरांडी ने कहा कि सरकारों की आलोचना जरूर होनी चाहिए, लेकिन इसके लिए तथ्यों का आधार जरूरी है। जनता के सामने राज्य की वित्तीय स्थिति की पूरी तस्वीर रखी जानी चाहिए।

केंद्र से मिलने वाले संसाधनों में बढ़ोतरी का दावा

बाबूलाल मरांडी ने विधानसभा में आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2004 से 2014 के बीच झारखंड को केंद्र से 56,090 करोड़ रुपये कर हस्तांतरण के रूप में मिले थे। वहीं, 2014 से 2024 के दौरान यह राशि बढ़कर 2,26,444 करोड़ रुपये हो गई। इसी अवधि में केंद्रीय अनुदान भी 28,509 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,04,373 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि रेलवे के वार्षिक बजट आवंटन में भी बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां झारखंड के लिए 457 करोड़ रुपये का आवंटन था, वहीं अब यह बढ़कर 7,302 करोड़ रुपये हो गया है। मरांडी के मुताबिक, सड़क, रेलवे, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं राज्य में स्वीकृत हैं और उन पर काम हो रहा है। ऐसे प्रयासों को राजनीतिक सुविधा के हिसाब से नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

सरकार केंद्र की प्रशंसा नहीं, वित्तीय हिसाब सामने रखे

मरांडी ने कहा कि उनकी मांग केंद्र सरकार की प्रशंसा करने की नहीं, बल्कि जनता के सामने वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों का स्पष्ट विवरण रखने की है। केंद्र से मिलने वाले संसाधनों का हिसाब होना चाहिए और राज्य सरकार के कामकाज की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग राजनीतिक श्रेय की लड़ाई में रुचि नहीं रखते, बल्कि उनकी अपेक्षाएं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं। गांवों में सड़क, खेतों तक सिंचाई, अस्पतालों में डॉक्टर, स्कूलों में शिक्षक और युवाओं के लिए रोजगार जैसी जरूरतों पर ठोस काम होना चाहिए। विधानसभा केवल आरोप-प्रत्यारोप का मंच नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य के लिए निर्णय लेने का स्थान बननी चाहिए।

केंद्र से विकास परियोजनाएं समय पर पूरी करने का आग्रह

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार से केंद्र से प्राप्त संसाधनों, उनके उपयोग, लंबित परियोजनाओं और विकास कार्यों के परिणामों पर विस्तृत श्वेतपत्र सदन में प्रस्तुत करने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से झारखंड की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देने और स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि झारखंड को उसका अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन मिले संसाधनों का इस्तेमाल पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ होना भी जरूरी है। जनता को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय विकास के परिणाम मिलने चाहिए।

झारखंड के गरीबों और आदिवासियों तक पहुंचे खनिज संपदा का लाभ

बाबूलाल मरांडी ने केंद्र और राज्य के बीच टकराव के बजाय सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा का वास्तविक लाभ राज्य के गरीबों, आदिवासियों, किसानों, श्रमिकों और युवाओं तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा में पारित संकल्प को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रखा जाएगा और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम होगा।

Related Articles

Back to top button