
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी का तोहफा दिया है। सातवें वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता अब 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार ने इस संबंध में आधिकारिक संकल्प जारी कर दिया है।
3 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंत्रिपरिषद की मंजूरी
केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किए जाने के बाद झारखंड सरकार ने भी राज्य के कर्मचारियों के लिए इसी दर से डीए बढ़ाने का फैसला किया है। सातवें केंद्रीय वेतनमान के तहत पुनरीक्षित वेतन संरचना में वेतन पाने वाले राज्यकर्मियों को अब मूल वेतन पर 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
इस प्रस्ताव को 18 नवंबर 2026 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी दी गई थी। इसके बाद वित्त विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में संकल्प जारी कर बढ़ी हुई दर को 1 जुलाई 2026 से लागू करने की घोषणा की।
विशेष वेतन और वैयक्तिक वेतन पर नहीं होगी डीए की गणना
सरकार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड सेवा संहिता के नियम 34(ए) के तहत महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। विशेष वेतन और वैयक्तिक वेतन को डीए की गणना में शामिल नहीं किया जाएगा।
वित्त विभाग की ओर से जारी संकल्प के मुताबिक, इस निर्णय को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति प्राप्त है। 18 नवंबर 2026 की बैठक में कार्यसूची के मद संख्या 19 के तहत इस प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया था। इसके बाद औपचारिक आदेश जारी किया गया।
35 साल से सेवा दे रहे कर्मचारी का नियमितीकरण का रास्ता साफ
झारखंड हाईकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में 35 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत बाहा उरांव को राहत देते हुए उनकी सेवा नियमित करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने विभाग के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें कट-ऑफ तिथि का हवाला देकर नियमितीकरण की मांग खारिज कर दी गई थी।
अदालत ने राज्य सरकार को आदेश की प्रति प्राप्त होने अथवा प्रस्तुत किए जाने के 12 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को विभाग की नियमित स्थापना में उपयुक्त स्वीकृत पद पर नियमित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही नियमानुसार सेवा संबंधी परिणामी लाभ देने और पेंशन तथा सेवानिवृत्ति लाभों पर विचार करने को भी कहा गया है।
बाहा उरांव तत्कालीन लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, जो अब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग है, के स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल में जून 1989 से कीमैन-कम-वॉचमैन के पद पर लगातार काम कर रहे हैं।
पहले भी हाईकोर्ट पहुंचा था नियमितीकरण का मामला
नियमितीकरण की मांग को लेकर बाहा उरांव पहले भी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर चुके थे। अदालत ने 5 अक्टूबर 2021 को विभाग को उनके मामले पर विचार करने का निर्देश दिया था। हालांकि, विभाग ने 11 जुलाई 2022 को उनकी मांग खारिज कर दी।
विभाग की ओर से दलील दी गई थी कि कार्यभारित कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए 1 जनवरी 1988 की कट-ऑफ तिथि तय की गई है, जबकि बाहा उरांव जून 1989 से कार्यरत हैं। अब हाईकोर्ट ने विभाग के इस फैसले को रद्द करते हुए नियमितीकरण और संबंधित लाभों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।



