उत्तर प्रदेशउत्तराखंड

गौ संरक्षण से किसानों की समृद्धि तक, मथुरा में धामी ने कई प्रकल्पों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

मथुरा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह स्थित परखम के गऊ-ग्राम में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से जुड़ा विषय बताया। मुख्यमंत्री ने गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान के एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

गौ सेवा में परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी भूमि से मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के कई प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। धामी के मुताबिक, गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ रही है। आज जरूरत ऐसी व्यवस्था की है, जिसमें पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें। आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की नई संभावनाएं विकसित हों।

धामी ने कहा कि जिन प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं। इनसे पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में भी योगदान देंगे।

हरिपुर-कालसी को धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने मां यमुना के उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली यमुना की धारा अनेक क्षेत्रों को जीवन देती हुई ब्रजभूमि तक पहुंचती है। उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि पुराने समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा शुरू करते थे।

धामी ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को फिर से स्थापित करने के लिए वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण हुआ है। वहां मां यमुना की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

संस्कृति के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से होता है। नदियों और गोवंश का संरक्षण, उनके संवर्धन तथा अनुसंधान को नई दिशा देने के प्रयासों से समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के कार्यों को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के लिए अनुकरणीय बताया। धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी से योगदान देने की अपील की। साथ ही समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई दी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button