
रायपुर: केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के विकास और जनप्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र बढ़ेंगे तो छत्तीसगढ़ के विकास को भी गति मिलेगी और अधिक लोगों को जनप्रतिनिधि बनने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दी गई। प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाने की तैयारी है।
प्रस्ताव के मुताबिक, परिसीमन के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 हो सकती हैं, जबकि लोकसभा की 11 सीटों की संख्या बढ़कर 17 होने की संभावना है। इस तरह प्रदेश में 45 अतिरिक्त विधानसभा सीटें और 6 नई लोकसभा सीटें हो सकती हैं।
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने दूर किया संशय
धान खरीदी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में खरीदी का काम सुचारू रूप से चल रहा है और इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी को लेकर किसी तरह का संशय नहीं है। सरकार पूरे मामले पर नियमित रूप से नजर रख रही है।
लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल, CM ने बताया हाल
लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वह ठीक हैं। दुर्घटना में उन्हें मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है।
दो दिन के जशपुर दौरे पर रहेंगे विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज से दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रहेंगे। प्रवास के दौरान वह सोलर प्लांट का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्लांट पंचायत से जुड़ा है और इससे पंचायत को आय प्राप्त होगी। उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ का यह पहला गांव है, जहां इस तरह की पहल की गई है। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कर्मा महोत्सव में शामिल होने के साथ एक सामाजिक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।



