राष्ट्रीय निशानेबाजी में नोएडा के संकल्प का जलवा, 13 साल के खिलाड़ी ने 607.8 अंक के साथ हासिल की बड़ी उपलब्धि

नोएडा: राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता में नोएडा के एक युवा खिलाड़ी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शहर के 13 वर्षीय संकल्प शुक्ला ने पुणे के बालेवाड़ी में आयोजित राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 607.8 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने भारतीय टीम के चयन ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
मयूर पब्लिक स्कूल के छात्र हैं संकल्प
संकल्प मयूर पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करते हैं और गनरी शूटिंग अकादमी, नोएडा में निशानेबाजी का प्रशिक्षण लेते हैं। पढ़ाई के साथ खेल में भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे संकल्प ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल कर शहर को गौरवान्वित किया है।
परिवार में खुशी, पिता ने जताया आभार
संकल्प के पिता रमन शुक्ला ने कहा कि उन्होंने बेटे को रोजाना मेहनत करते देखा है। उसे इस मुकाम तक पहुंचते देखकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने अपने पिता के आशीर्वाद को भी इस सफलता से जोड़ा। साथ ही संकल्प के कोच और स्कूल का आभार जताया।



