
दौसा: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सात लोगों की जान ले ली। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में अब तक सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के मुताबिक यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो प्वाइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। मृतकों में पांच लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे के बाद देखते ही देखते आग की चपेट में आई बस
पुलिस के अनुसार टक्कर के तुरंत बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस करीब एक घंटे तक धू-धू कर जलती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग और घने धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दौसा जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां एक महिला अपने घायल बच्चे के बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों से गुहार लगाती नजर आई। प्रशासन और चिकित्सा टीम लगातार घायलों के उपचार में जुटी हुई है।
बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट होने का दावा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बस के स्टोरेज बॉक्स में बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे। उनका मानना है कि इसी कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जताया शोक
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि दौसा जिले में हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस कठिन समय में उन्हें संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।



