रामलला के चढ़ावे में हेराफेरी के विरोध में मेरठ में आप का विरोध प्रदर्शन
मेरठ कमिश्नरी पार्क से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक भाजपा सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ नारेबाजी।
Meerut News: मेरठ में आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर के चढ़ावे में हुई हेराफेरी के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई। इस दौरान मेरठ कमिश्नरी पार्क से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक भाजपा सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने आरोप लगाए कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। देशभर के श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई श्रद्धा और विश्वास के साथ रामलला के चरणों में अर्पित करते हैं, लेकिन आज स्थिति यह है कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी और हेराफेरी के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। यह केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था के साथ खुला विश्वासघात है।
भाजपा और समर्थक आरोपों को बता रहे झूठ
अंकुश चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाल ही में इस मुद्दे को उठाते हुए तीखा विरोध दर्ज किया हैं। भाजपा और उसके समर्थक पहले इन आरोपों को झूठ बताने में लगे रहे हैं। लेकिन अब सामने आई जानकारियों और हुई गिरफ्तारियों ने यह साबित कर दिया है कि मामला बेहद गंभीर है। जब जांच एजेंसियों को कार्रवाई करनी पड़ रही है तो भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट के जिम्मेदार लोगों को देश के सामने जवाब देना चाहिए।
दो करोड़ की जमीन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा
अंकुश ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में कथित जमीन घोटाले और चंदा हेराफेरी के मामलों को लेकर आवाज उठाई जाती रही है। उन्होंने उस समय भी सवाल उठाया था कि अयोध्या में भगवान श्री राम के नाम पर किस प्रकार दो करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को कुछ मिनटों में साढ़े अठारह करोड़ रुपये में खरीदकर करोड़ों रुपये का खेल किया गया। उस समय भी संजय सिंह ने “राम के नाम पर चंदा चोरी नहीं चलेगी” का नारा देते हुए पूरे प्रकरण को देश के सामने रखा था। आज एक बार फिर रामलला के चढ़ावे में गड़बड़ी और चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं, जिससे भाजपा की कथनी और करनी का अंतर उजागर हो गया है।
राम के नाम पर भाजपा करती है राजनीति
अंकुश चौधरी ने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट मांगती है, राम के नाम पर राजनीति करती है और खुद को रामभक्त बताती है, लेकिन जब रामभक्तों के चढ़ावे और उनकी आस्था की रक्षा की बात आती है तो जवाब देने से बचती है। यदि चढ़ावे में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है तो राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर हाथ रखकर सौगंध खाएं कि चढ़ावे के धन में किसी प्रकार की चोरी या हेराफेरी नहीं हुई। करोड़ों रामभक्त उनकी इस सौगंध पर विश्वास कर लेंगे।
देश की संपत्तियों को निजी हाथों में बेचने का आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की संपत्तियों को बेचने का काम किया। रेलवे, हवाई अड्डे, बंदरगाह और सार्वजनिक संस्थानों को निजी हाथों में सौंपा गया। अब यदि भगवान श्रीराम के चढ़ावे में भी चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं तो यह देश के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति है। देश जानना चाहता है कि आखिर करोड़ों रुपये के चढ़ावे की निगरानी के बावजूद यह सब कैसे हुआ और इसके लिए जिम्मेदार लोग कौन हैं।
चढ़ावे की पवित्रता की रक्षा के लिए संघर्ष
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी श्रद्धालुओं की आस्था और उनके चढ़ावे की पवित्रता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। रामलला के नाम पर होने वाली किसी भी प्रकार की चोरी, भ्रष्टाचार या घोटाले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होने तक पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। विरोध प्रदर्शन में सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष फुरकान त्यागी आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



