टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

आकांक्षा दुबे आत्महत्या केस का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में होगी पेशी

मुंबई: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले के मुख्य आरोपी समर सिंह को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक़ समर सिंह गाज़ियाबाद के चार्म्स क्रिस्टल सोसाइटी में छुपा हुआ था। सूत्रों से मिली जानकारी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें आज ही गाज़ियाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ब्लैकमेलिंग से तंग आकर किया सुसाइड

बता दें कि भोजपुरी की उभरती हुई एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का शव 26 मार्च को वाराणसी में होटल सारनाथ के एक कमरे में फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला था। वो यहां पर एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पहुंची थी। एक्ट्रेस की मां ने इस आत्महत्या के पीछे समर सिंह का हाथ बताते हुए कहा था कि, ‘समर सिंह उनकी बेटी के साथ मारपीट करता और ब्लैकमेल करता था। जिससे तंग आकर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली।

लंबे समय से पुलिस को दे रहा था चकमा

आकांक्षा की मां मधु दुबे की शिकायत पर पुलिस ने आजमगढ़ निवासी समर सिंह व संजय सिंह के खिलाफ धारा 306 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन मुकदमा दायर होते ही समर सिंह फरार हो गया और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

समर सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा एक टीम बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक़ बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि समर सिंह गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स क्रिस्टल सोसाइटी में छुपा हुआ है। खबर मिलते ही पुलिस ने दबिश डालकर समर सिंह को धर दबोचा। उन्हें आज गाज़ियाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button