मेरठ के मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू
ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई चैंपियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश
Meerut Sports University Admission: मेरठ के सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। इस बार कई नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की
मेरठ के सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की है। छात्र—छात्राएं 10 जुलाई तक खेल विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष से विश्वविद्यालय में तीन वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) और बीएससी योग पाठ्यक्रम में प्रवेश किए जाएंगे। इसी के साथ दो साल का एमएससी योग कार्यक्रम में प्रवेश होंगे।
स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन नया कोर्स
खेल क्षेत्र में नए अवसरों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किया है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी sportsuniup.com पर उपलब्ध है।
किस कोर्स में कितनी सीटें
सीटों की बात करें तो बीपीईएस में 50, बीएससी योग में 40, एमएससी योग में 20 और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में 15 सीटों पर प्रवेश होंगे। इसके अलावा इस सत्र से स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग जैसे खेलों में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स भी शुरू हो रहा है। इन सभी में पीजी डिप्लोमा के लिए 15-15 सीट पर प्रवेश होगा। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई चैंपियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा।



