
रायपुर: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रही। राष्ट्रपति ने सहजता के साथ उनसे बातचीत की और उनकी शिक्षा, रुचियों तथा भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मुख्यमंत्री साय ने बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे अवसर विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई ऊंचाई देने का काम करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।
रक्षाबंधन पर राष्ट्रपति भवन में हुआ था विशेष संवाद
उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट और संवाद का विशेष अवसर मिला था। इस दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
CWSN विद्यार्थी नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
राष्ट्रपति भवन में मुलाकात का सबसे भावुक और यादगार क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी जीवनभर संजोकर रखने वाली स्मृति बन गया।
राष्ट्रपति भवन में गूंजा छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य
इस विशेष मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं ने प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोक परंपरा, गीत-संगीत और सांस्कृतिक सौंदर्य से सजी इस प्रस्तुति ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने प्रस्तुति पर प्रसन्नता व्यक्त की और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति तथा परंपराओं की सराहना की।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने पर मुख्यमंत्री ने दिया जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह विशेष रूप से खुशी की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया।
उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे आत्मसात कर देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है तो इससे परंपराओं को नई ऊर्जा मिलने के साथ उन्हें व्यापक पहचान भी मिलती है।
विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने का किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और इस यात्रा के अनुभव को वे अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, प्रदेश और देश को गौरवान्वित करें।
इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर जिले की राजवती पोयाम, सुकमा जिले के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग जिले की पायल राजानी, महासमुंद जिले की रागनी साहू, रायपुर जिले के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद जिले के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।
इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता भौतिकी, शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी मौजूद रहे।



