उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में SIR के बाद अब SSR, 1 लाख से ज्यादा लोगों ने वोटर के लिए भरा फॉर्म-6

देहरादून( दस्तक डेस्क ) : उत्तराखंड में उत्तराखंड में एसआईआर होने के बावजूद एसएसआर यानी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। एसआईआर के बाद एक लाख से ज्यादा लोगों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। इन लोगों ने 12 से 20 अक्तूबर तक राज्य में चले विशेष अभियान के तहत अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने के लिए फार्म छह भरा है।

प्रदेश के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग को 01 लाख 744 फार्म छह प्राप्त हुए हैं। इसमें पहली बार मतदाता बनने के साथ ही ऐसे लोगों ने अपने नए पते पर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है, जिन्होंने इस बीच में अपना निवास बदला है।

मतदाताओं ने फॉर्म 6 भरकर आवेदन किया :

एसआईआर में जरूरी दस्तावेज देने से रह गए मतदाताओं ने भी विशेष अभियान के तहत फार्म-06 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है। बैठक में एसएसआर, ईवीएम की जांच, 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवाओं के नाम जुड़वाने को लेकर भी जानकारी दी गई।

एसआईआर के बाद अब एसएसआर : एसएसआर की शुरुआत 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ किया जाएगा। इसमें 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करने का समय निर्धारित किया गया है। एक मतदाता पूरी अवधि के दौरान अधिकतम 10 दावे या आपत्तियां फॉर्म-7 के माध्यम से कर सकता है, जबकि एक महीने में ऐसा मतदाता सिर्फ पांच फार्म-7 आवेदन ही प्रस्तुत कर सकता है।

12 नवंबर से शुरू हो रहे एसएसआर अभियान के तहत नए मतदाता बनने के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा। इसमें 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर पाएंगे। शुक्रवार को ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button