
संकट मोचन मंदिर राजापुर में अखंड रामायण पाठ
30 जुलाई से 14 नवंबर तक चलेगा आयोजन, भक्ति, श्रद्धा, आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा वातावरण
–डी.एन. वर्मा
लखीमपुर : हनुमान जी अपार शक्ति और भक्ति के प्रतीक हैं। शास्त्रों के अनुसार बजरंगबली का नाम जपना, उनकी मर्यादा का पालन करना और सच्चे मन से भक्ति करना ही सच्ची आराधना है। कलियुग में हनुमानजी ही सर्वशक्तिमान हैं और भक्तों का कल्याण करते हैं। 30 जुलाई से सावन महीना शुरू हो रहा है और सावन भगवान शिव को बहुत प्रिय है। इसलिए सावन में शिव आराधना विशेष फलदायी होता है। हिन्दू धर्मग्रंथों में हनुमानजी को भगवान शिव का ग्याहरवां रुद्र या अवतार माना गया है, इसलिए हनुमानजी की पूजा भी विशेष कल्याणकारी माना गया है।
इसी क्रम में श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी जनों कल्याण के निमित्त श्री संकट मोचन वीर बाबा मंदिर, राजापुर (बहराइच रोड) लखीमपुर में 30 जुलाई से 14 नवंबर तक रामचरितमानस के 108 अखंड रामायण पाठ का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह पावन अनुष्ठान लगभग 3 माह 18 दिन तक निरंतर चलेगा। इस आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि मंदिर परिसर में ऊपरी हाल में रामचरितमानस का 108 अखंड रामायण पाठ निरंतर चलता रहेगा तथा निचले हाल में “सीताराम” का अखंड जाप दिन-रात अनवरत किया जाएगा। यह संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा।
संपूर्ण सावन मास के दौरान प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी श्रद्धापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। सभी श्रद्धालु इस पुण्य अवसर पर रुद्राभिषेक में सहभागी होकर भगवान भोलेनाथ तथा प्रभु श्रीराम एवं हनुमानजी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। मंदिर परिवार सभी श्रद्धालुओं, रामभक्तों एवं शिवभक्तों से सादर अनुरोध करता है कि वे अपने परिवार सहित इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में पधारें, रामायण पाठ एवं सीताराम अखंड जाप में सहभागिता करें तथा पुण्य लाभ अर्जित करें। आपका सहयोग, सहभाग और आशीर्वाद ही इस पावन आयोजन की सबसे बड़ी शक्ति है।




