उत्तर प्रदेशराज्य

भारत बंद पर बोले अखिलेश यादव, कहा- राष्ट्रव्यापी सफलता ने BJP के हाथ-पैर फुला दिए

नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केन्द्र के नये विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों द्वारा सोमवार को आहूत ‘भारत बंद’ को सफल करार दिया और कहा कि ‘भारत बंद’ की राष्ट्रव्यापी सफलता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथ-पैर फुला दिए हैं और भाजपा के नेता व समर्थक घर से निकलने का साहस नहीं जुटा पाए। सपा प्रमुख ने सोमवार की देर रात ट्वीट किया, ‘भारत बंद’ की राष्ट्रव्यापी सफलता ने सत्तारूढ़ भाजपा के हाथ-पैर फुला दिए हैं। भाजपा के नेता एवं समर्थक आज घर से निकलने का साहस नहीं जुटा पाए। भाजपा चुनाव जीतने के लिए जिन पूंजीपतियों की ऋणी रही है उनके इशारे पर ही काम कर रही है।”

गौरतलब है कि केन्द्र के नये विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों द्वारा सोमवार को आहूत ‘भारत बंद’ का उत्तर प्रदेश में मिला-जुला असर दिखा। राज्य के प्रमुख विपक्षी दलों- समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने किसानों के इस भारत बंद का समर्थन किया था। मुजफ्फरनगर में पांच सितंबर को आयोजित किसान महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा ने केन्द्र के नये विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ 27 सितंबर, सोमवार को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया था।

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
बता दें कि भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सोमवार के ‘भारत बंद’ को मिले देशव्यापी समर्थन ने साबित कर दिया है कि केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन अखिल भारतीय स्तर के हैं और बंद के कारण असुविधा का सामना करने वाले लोगों से इसे किसानों की खातिर भूलने का आग्रह किया। टिकैत ने कहा कि न केवल तीन राज्यों (हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश) बल्कि देश भर के लोगों ने संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) द्वारा आहूत बंद में हिस्सा लिया। सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक कहीं से भी हिंसा की कोई सूचना नहीं मिली।

Related Articles

Back to top button