टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

कांग्रेस पर जमकर बरसे अमित शाह, कहा- आपातकाल में किशोर कुमार के गीतों पर भी लगा दी थी रोक

नई दिल्ली। मंगलवार को राज्यसभा में दिल्ली नगर निगम संशोधन बिल (Delhi Municipal Corporation Amendment Bill) पेश करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) कांग्रेस पर जमकर बरसे। कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग हमें सत्ता का भूखा कह रहे हैं उन्हें खुद का चेहरा आईने में देख लेना चाहिए। अमित शाह यही नहीं रुके।

उन्होंने कहा-वो कांग्रेस पार्टी जिसने आपातकाल लगाया, सारे लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिए, बिना कारण विपक्षी नेताओं क जेल में डलवा दिया, प्रेस पर पाबंदी लगा दी, यहां तक की किशोर कुमार के गानों पर भी रोक लगा दी वो आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है? दरअसल राज्यसभा में विपक्ष ने दिल्ली नगर निगम संशोधन बिल लाने के लिए सरकार की संवैधानिक क्षमता पर सवाल उठाया था जिसके जवाब में अमित शाह ने ये बात कही।

इससे पहले अमित शाह ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार तीनों नगर निगमों के साथ सौतेली मां जैसा व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि तीनों नगर निगमों को एक करने के पीछे का कारण नीतियों और संसाधनों में आ रही कमियों को दूर करना है जिससे जनता को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिल सके।

गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम (संशोधन) बिल, 2022 को लोकसभा से पहले ही पास कराया जा चुका है। दिल्ली में होने वाले नगर निगम चुनाव से पहले तीनों नगर निगमों को मिलाकर एक करने का फैसला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी आरोप लगा रही है कि बीजेपी नगर निगम चुनाव में अपनी हार को देखते हुए इसे तीन की बजाय एक करने की कोशिश कर रही है ताकि उसकी छवि सुधर सके।

Related Articles

Back to top button