‘गोंधल’ की ऑस्कर एंट्री पर अनुराग कश्यप की टिप्पणी, निर्देशक बोले- फिल्म देखकर ही बनाएं राय

नई दिल्ली: मराठी फिल्म ‘गोंधल’ के 99वें ऑस्कर पुरस्कारों में भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुने जाने के बाद इसके चयन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म के चयन पर अनुराग कश्यप की टिप्पणी के बाद अब निर्देशक संतोष डावखर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म के बारे में फैसला या राय बनाने से पहले उसे देखना जरूरी है।
संतोष डावखर ने बताया कि विमान यात्रा के दौरान उनकी अनुराग कश्यप से ‘गोंधल’ को लेकर बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने अनुराग को फिल्म के बारे में जानकारी दी और उसे देखने का आग्रह किया था। डावखर के मुताबिक, अनुराग कश्यप ने फिल्म देखने की बात कही थी। हालांकि निर्देशक का कहना है कि फिल्म अभी तक उन्हें दिखाई नहीं गई है और मुंबई में भी फिलहाल यह उपलब्ध नहीं है।
फिल्म देखकर राय बनाने की अपील
संतोष डावखर ने कहा कि वह सभी से अपील करना चाहते हैं कि किसी भी तरह का फैसला लेने या राय बनाने से पहले फिल्म जरूर देखें। उन्होंने कहा कि एक फिल्ममेकर के तौर पर वह इस जिम्मेदारी को समझते हैं कि उनकी फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही है।
डावखर के मुताबिक, उन्होंने फिल्ममेकर के तौर पर अपने सफर की शुरुआत की है और ‘गोंधल’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। फिल्म में मराठी संस्कृति को शामिल किया गया है और इसे व्यापक दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म को बड़े पर्दे के लिए तैयार किया गया है, न कि ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए।
दोबारा रिलीज होने पर थिएटर में देखने की अपील
निर्देशक ने दर्शकों से भी ‘गोंधल’ को सिनेमाघरों में देखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब फिल्म दोबारा थिएटर में रिलीज होगी, तब दर्शकों को इसे देखने के बाद अपनी राय बनानी चाहिए। डावखर ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी को वह गंभीरता से लेते हैं और अपने देश को निराश नहीं करना चाहते।
अनुराग कश्यप ने उठाए थे चयन प्रक्रिया पर सवाल
दरअसल, अनुराग कश्यप ने हाल में भारतीय फिल्मों के अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों में चयन को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि भारत कई बड़े पुरस्कारों में पीछे रह जाता है क्योंकि कई बार फिल्मों का चयन सही तरीके से नहीं हो पाता। इस दौरान उन्होंने ‘द लंचबॉक्स’ और ‘ऑल वी इमैजिन ऐज लाइट’ जैसी फिल्मों का उदाहरण भी दिया था।
अनुराग कश्यप ने फिल्मों के अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रक्रिया को लेकर भी अपनी राय रखी थी। उनके मुताबिक, किसी फिल्म को ऑस्कर के लिए भेजने से पहले उसे भारत के बाहर अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में ले जाना और अमेरिकी वितरण की संभावनाओं पर ध्यान देना महत्वपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने ‘गोंधल’ के संदर्भ में भी फिल्म को पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में ले जाने की बात कही थी।
‘गोंधल’ वर्ष 2025 में रिलीज हुई मराठी भाषा की ड्रामा थ्रिलर फिल्म है। इसका लेखन और निर्देशन संतोष डावखर ने किया है। अब फिल्म का चयन 99वें ऑस्कर पुरस्कारों में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में हुआ है।



