मेेरठ में पुलिस मुठभेड़ में असलह तस्कर को लगी गोली, पिस्टल बरामद
बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दिया और बहादुरपुर की ओर भागने का प्रयास किया।
Meerut News: थाना परतापुर पुलिस व नगर स्वाट टीम मेरठ की संयुक्त कार्रवाई में असलह तस्करों से मुठभेड़ के दौरान एक अंतरराज्यीय शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया है। उसके कब्जे से पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद हुआ है।
बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दिया
सीओ ब्रह्मपुरी को रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले कुछ व्यक्ति डीएमई अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष परतापुर के नेतृत्व में थाना परतापुर पुलिस व नगर स्वाट टीम मेरठ द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी करते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया। जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दिया और बहादुरपुर की ओर भागने का प्रयास किया।
बाएं पैर में गोली लगी
जवाबी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त आमिर पुत्र हाजी फरियाद निवासी वेलकम कॉलोनी थाना वेलकम दिल्ली के बाएं पैर में गोली लगी। जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी बहादुरपुर की ओर फरार हो गये। घायल अभियुक्त के कब्जे से पिस्टल.32 बोर, 01 मैगजीन, 03 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा कारतूस बरामद हुआ। अभियुक्त की स्कूटी व फरार अभियुक्तगण की एक स्पलैंडर बाइक भी बरामद हुई है। घायल को उपचार हेतु पीएल शर्मा अस्पताल भेजा है।



