सोशल मीडिया के माध्यम से असलाह तस्करी का भंड़ाफोड़, पिस्टल सहित तीन गिरफ्तार
सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें बेचते थे।
Meerut News: मेरठ में थाना लोहियानगर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध असलाह तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन असलाह तस्करों को अवैध पिस्टल, मैगजीन एवं तमंचों सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर
एसएसपी मेरठ द्वारा अवैध शस्त्रों की तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी एवं सीओ कोतवाली के निर्देशन तथा थाना प्रभारी लोहियानगर के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान रात में पीर के पास फतेहउल्लापुर से तीन शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शस्त्र तस्करों के पास से तीन अवैध पिस्टल 32 बोर, 6 मैगजीन .32 बोर एवं अवैध तमंचे 315 बोर के बरामद हुए।
अवैध पिस्टल एवं तमंचे खरीदते थे
पूछताछ में शस्त्र तस्करों ने बताया कि वे सभी मिलकर हाजी कय्यूम निवासी लिसाड़ी थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ से अवैध पिस्टल एवं तमंचे खरीदते थे तथा सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें बेचते थे। इस संबंध में अन्य अभियुक्तों एवं अवैध शस्त्र तस्करी नेटवर्क के संबंध में जानकारी प्राप्त कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार शस्त्र तस्करों के नाम जर्रार निवासी बड़ी मस्जिद के पास ग्राम लिसाड़ी थाना लिसाड़ी गेट, रिहान निवासी उपरोक्त और शादाब पुत्र अशफाक निवासी उपरोक्त है।



