
रायपुर: उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने रायपुर में खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के अंतिम चरण के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कर ओवरब्रिज को यातायात के लिए खोला जाए।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी मानकों की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान अरुण साव ने ओवरब्रिज पर पैदल चलकर निर्माण की गुणवत्ता का जायजा लिया और तकनीकी मानकों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाइटिंग के लिए उच्च गुणवत्ता वाले पोल और लाइट्स का उपयोग किया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए।
लापरवाही पर अधिकारियों को सख्त चेतावनी
डिप्टी सीएम अरुण साव ने साफ कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता पाया गया तो सबसे पहले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
96 प्रतिशत काम पूरा, जल्द खुलेगा ओवरब्रिज
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस ओवरब्रिज का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पुल के मध्य रेलवे हिस्से के साथ दोनों ओर के पहुंच मार्गों का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। फिलहाल पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है, जिसके बाद नाली निर्माण और लाइटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
49 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण
अधिकारियों ने बताया कि रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन पर खम्हारडीह और कचना के बीच यह रेलवे ओवरब्रिज लगभग 49 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इसके शुरू होने से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
यातायात व्यवस्था में आएगा बड़ा सुधार
डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और तेज बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यह ओवरब्रिज क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा और इसके शुरू होने के बाद आवागमन अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।



